सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू
नगर परिषद कुल्लू में आशा ठाकुर को नगर परिषद कुल्लू की नई अध्यक्ष चुना गया है, वहीं शालिनी रॉय भारद्वाज को निर्विरोध उपाध्यक्ष चुना गया है।
इस चुनाव में आजाद पार्षदों को कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों का समर्थन मिला है, जिससे ‘आजाद’ के सिर नगर परिषद कुल्लू के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का खिताब सजा है।
गौरतलब है कि जिला कुल्लू की नगर परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में आशा को अध्यक्ष तथा शालिनी राय भारद्वाज को उपाध्यक्ष चुना गया है। चुनाव प्रक्रिया एसडीएम निशांत ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
एसडीएम निशांत ठाकुर ने बताया कि बैठक पूर्व निर्धारित तिथि से स्थगित होने के बाद आज सुबह 11 बजे शुरू हुई। नगर परिषद के एक सदस्य अनुपस्थित रहे।
अध्यक्ष पद के लिए आशा, पुष्पा और शालिनी के नामांकन प्राप्त हुए थे, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए राहुल का नाम भी सामने आया था। हालांकि राहुल ने बाद में अपना नामांकन वापस ले लिया।
दोपहर 12:30 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। कुल 11 मत डाले गए, जिनमें आशा को 8 मत प्राप्त हुए, जबकि पुष्पा को 3 मत मिले। इस प्रकार आशा ने स्पष्ट बहुमत के साथ अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष आशा ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता शहर की स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना होगी।
उन्होंने नगर परिषद के सभी सदस्यों और जनता का समर्थन एवं विश्वास जताने के लिए आभार व्यक्त किया।
वहीं नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष शालिनी राय भारद्वाज ने कहा कि सभी पार्षद मिलकर कुल्लू के विकास और स्वच्छता के लिए कार्य करेंगे।
उन्होंने भी जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
नगर परिषद कुल्लू के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव संपन्न हो गए हैं। आशा 8 मतों के साथ अध्यक्ष चुनी गईं, जबकि शालिनी राय भारद्वाज निर्विरोध उपाध्यक्ष बनी हैं।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने कुल्लू को स्वच्छ और सुंदर बनाने को अपनी पहली प्राथमिकता बताया है।











