सड़क सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को लेकर उपायुक्त ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
केलांग, 25 जून
उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भडाना की अध्यक्षता में आज उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा, दुर्घटना संभावित स्थलों, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान पिछली बैठक की कार्यवाही की समीक्षा की गई और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। उपायुक्त किरण भड़ाना ने पुलिस विभाग एवं उपनिदेशक शिक्षा को विद्यालयों तथा अन्य संस्थानों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जन-जागरूकता ही सबसे महत्वपूर्ण पहलू है।
ग्राम्फू-काजा-सुमदो मार्ग पर सड़क सुरक्षा उपायों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सीमा सड़क संगठन को गति सीमा, दूरी, दिशा-निर्देश एवं चेतावनी संबंधी संकेतक बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) की रिपोर्टों का विश्लेषण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा।
बैठक में काजा एवं केलांग में ट्रॉमा सेंटर की स्थापना तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर भी चर्चा की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अतिरिक्त उपायुक्त काजा के साथ समन्वय ऑक्सीजन सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने सीमा सड़क संगठन को आवश्यक सड़क संकेतक स्थापित करने तथा पुलिस विभाग द्वारा चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थलों एवं ब्लैक स्पॉट्स पर चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश दिए। सीमा सड़क संगठन एवं लोक निर्माण विभाग को क्रैश बैरियर लगाने से संबंधित मामलों पर त्वरित कार्रवाई करने को भी कहा गया।
बैठक में पुलिस विभाग द्वारा संचालित रोड सेफ्टी क्लबों की गतिविधियों की समीक्षा की गई। सभी उपमंडल अधिकारियों (SDMs) को नियमित रूप से सड़क सुरक्षा बैठकों का आयोजन करने तथा क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) को व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में फ्लैशिंग चेतावनी बोर्ड स्थापित करने पर भी बल दिया गया।
पर्यटकों की सुविधा के लिए निकटतम डेट( DET) तथा उसमे उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी , आपदा प्रतिक्रिया दल तथा पुलिस सहायता केंद्रों की जानकारी वाले संकेतक बोर्ड लगाने का निर्णय लिया गया। साथ ही जिले में उपलब्ध एम्बुलेंस सेवाओं तथा उनकी उपयुक्त स्थानों पर तैनाती को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में ग्राम्फू-काजा-सुमदो मार्ग की वर्तमान स्थिति एवं इसके सुधार,दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की अद्यतन सूची तथा पुलिस विभाग द्वारा नियमित नाकों के संचालन की भी समीक्षा की गई।
बैठक का प्रमुख विषय हाल ही में जिले में सामने आए एक्यूट माउंटेन सिकनेस (AMS) के मामलों एवं इससे हुई मृत्यु की घटनाएं रहीं। उपायुक्त किरण भडाना ने कहा कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आने वाले पर्यटकों को AMS के लक्षणों, जोखिमों तथा बचाव उपायों के बारे में जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने पुलिस विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग को संयुक्त रूप से सोशल मीडिया जागरूकता वीडियो तैयार कर व्यापक स्तर पर प्रसारित करने के निर्देश दिए, ताकि पर्यटक एवं स्थानीय लोग समय रहते आवश्यक सावधानियां बरत सकें।
उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सड़क सुरक्षा एवं पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।इस बैठक में पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला, एसडीएम कुनिका एकर्स,एडीसी काजा , एवं आरटीओ आकांशा शर्मा वर्चुअल माध्यम से तथा डीएसपी रश्मि शर्मा, ओसी सीमा सड़क संगठन मेजर पारस कोचर,मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मनोज कुमार गाँधी,अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अश्वनी गुलेरिया, आरएम एचआरटीसी अंशित शर्मा,सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *