Listen to this article
सुरभि न्यूज़
केलांग, 26 जून
लाहौल स्पीति के केलांग पुलिस ग्राउंड में 28 जून को शाम 4 बजे उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र का सांस्कृतिक कार्यकम आयोजित किया जाएगा। उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (North Zone Cultural Centre – NZCC), संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित “संस्कृतिक यात्रा-2026” के अंतर्गत देश के विभिन्न राज्यों के लगभग 90 लोक कलाकारों का दल लाहौल-स्पीति पहुंच रहा है। यह दल अपनी यात्रा के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश एवं अन्य राज्यों में लोक संस्कृति, लोक संगीत और लोक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां देगा।
उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने जानकारी देते हुए बताया कि 28 जून, 2026 को केलांग के पुलिस ग्राउंड में शाम 4 : 00 बजे एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकार अपनी रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम में लोक नृत्य, लोक संगीत, पारंपरिक वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियां तथा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र होंगे।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन लाहौल-स्पीति एवं भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाना है।
उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने जिले के सभी नागरिकों से इस अवसर का लाभ उठाने तथा कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देश की विविध सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर देखने का दुर्लभ अवसर प्रदान करेगा। उपायुक्त ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे बड़ी संख्या में केलांग पुलिस ग्राउंड पहुंचकर कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों का आनंद लें तथा उनका उत्साहवर्धन करें।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम विभिन्न क्षेत्रों की परंपराओं, लोक कलाओं और सांस्कृतिक धरोहरों को जानने और समझने का अवसर प्रदान करते हैं तथा राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक समरसता को मजबूत बनाते हैं।
सभी नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों एवं सामाजिक संस्थाओं से आग्रह है कि वे 28 जून को केलांग पुलिस ग्राउंड में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सांस्कृतिक उत्सव को सफल बनाएं।











