लाहौल-स्पीति जिला परिषद को मिला नया नेतृत्व, ठिनले दिचेन बनीं जिला परिषद लाहौल-स्पीति की अध्यक्ष, सुरेश कुमार उपाध्यक्ष

Listen to this article

 

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, केलांग

लाहौल-स्पीति जिला परिषद को सोमवार को नया नेतृत्व मिल गया। जिला परिषद भवन के सभागार में आयोजित निर्वाचन प्रक्रिया में ठिनले दिचेन को जिला परिषद लाहौल-स्पीति की अध्यक्ष और सुरेश कुमार को उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया। निर्वाचन प्रक्रिया उपायुक्त एवं जिला परिषद की संबंधित प्राधिकारी किरण भड़ाना की उपस्थिति में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

निर्वाचन के दौरान जिला परिषद के सभी 9 निर्वाचित सदस्य उपस्थित रहे। पूरी प्रक्रिया निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप संपन्न करवाई गई। निर्वाचन परिणाम की घोषणा के बाद जिला परिषद को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के रूप में नया नेतृत्व प्राप्त हुआ।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने जानकारी देते हुए बताया कि ठिनले दिचेन पुत्री नवांग टशी, निवासी ग्राम एवं डाकघर काजा, तहसील काजा, जिला लाहौल-स्पीति को जिला परिषद की अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। वहीं सुरेश कुमार पुत्र किशन दास, निवासी गांव ठोलंग, डाकघर तांदी, तहसील लाहौल को जिला परिषद का उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया है।

निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद उपायुक्त किरण भड़ाना ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष ठिनले दिचेन और उपाध्यक्ष सुरेश कुमार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों पदाधिकारी जिले के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करेंगे।

उन्होंने कहा कि जिला परिषद ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, जनकल्याण और स्थानीय स्तर की आवश्यकताओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए विकास कार्यों को गति देने की अपेक्षा जताई। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान पीओ आईटीडीपी अश्वनी कुमार, जिला पंचायत अधिकारी सुरेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *