आर्ट ऑफ लिविंग का ध्यान एवं योग शिविर संपन्न, करीब 50 प्रतिभागियों ने लिया विभिन्न योग विधियों का प्रशिक्षण

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

शुशांत शर्मा, कुल्लू

आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से वैष्णो माता मंदिर में आयोजित चार दिवसीय ध्यान एवं योग शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर में करीब 50 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर योग क्रियाओं, ध्यान और योग की विभिन्न विधियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
शिविर का संचालन योग गुरु योगिंदर योगी ने किया। इस दौरान आर्ट ऑफ लिविंग की वरिष्ठ प्रशिक्षक सोनम और कविता मल्होत्रा भी विशेष रूप से मौजूद रहीं। प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास, ध्यान तथा मानसिक शांति से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।

मुख्य प्रशिक्षक सरिता शर्मा ने बताया कि कुल्लू में आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से पिछले कई वर्षों से नियमित रूप से योग एवं ध्यान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को योग और ध्यान से जोड़ने के उद्देश्य से प्रत्येक रविवार को वैष्णो माता मंदिर में फॉलोअप क्रिया भी करवाई जाती है।

सरिता शर्मा ने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे समय में योग और ध्यान मानसिक शांति प्रदान करने के साथ-साथ स्वस्थ, संतुलित और खुशहाल जीवन जीने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से योग एवं ध्यान को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

शिविर में शामिल छिमे अंगमो, देचेन डोलमा, चेतन डोलमा, सुदर्शनी, संतोष सिंह, कमला आंगमो और विमला सहित अन्य प्रतिभागियों ने शिविर के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि नियमित योग और ध्यान से तनाव कम करने तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने में मदद मिलती है। प्रतिभागियों ने भविष्य में भी ऐसे शिविरों के आयोजन की आवश्यकता जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *