लाहौल के बिलिंग में 9 अक्टूबर से होगा क्रिकेट का रोमांच, सुपर-7 प्रतियोगिता में भिड़ेंगी टीमें

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, केलांग

लाहौल स्पीति जिला के युवाओं को खेलों से जोड़ने, नशे से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यंग फार्मर क्लब बिलिंग की ओर से 9 से 12 अक्टूबर 2026 तक बिलिंग में सुपर-7 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। करीब 10 हजार फीट की ऊंचाई और ठंडे मौसम में होने वाली यह प्रतियोगिता क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहेगी।

ग्राम पंचायत केलांग के उपप्रधान प्रमोद कुमार टशी ने बताया कि यंग फार्मर क्लब बिलिंग इससे पहले भी युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए लाहौल प्रीमियर लीग (LPL) क्रिकेट सुपर सिक्स टूर्नामेंट सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करता रहा है। क्लब का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़कर उन्हें स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।

उन्होंने कहा कि ऊंचाई वाले क्षेत्र में आयोजित होने वाली यह सुपर-7 प्रतियोगिता खिलाड़ियों को क्रिकेट का अलग रोमांच प्रदान करेगी। प्रतियोगिता में सात खिलाड़ियों की टीम होगी और मुकाबले सात ओवर के प्रारूप में खेले जाएंगे। ऐसे में कम समय में रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद है।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं। विजेता टीम को 21 हजार रुपये, उपविजेता को 10 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान हासिल करने वाली टीम को 3 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए यंग फार्मर क्लब बिलिंग की ओर से टशी गुमलिंगपा, मोनू बुकुजी, टशी टचीजी और दावा स्वाची को आयोजन समिति की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

क्लब पदाधिकारियों ने क्षेत्र के युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों से प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने और उनमें टीम भावना, अनुशासन तथा सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी जरिया भी हैं।

यंग फार्मर क्लब बिलिंग ने लोगों से इस खेल आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने की अपील करते हुए स्वस्थ, फिट और नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया है।‌

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *