बरोट की ठंडी गुलाई में तीन दिवसीय मेला संपन्न, लोकगायक रमेश ठाकुर के गीतों पर झूमे दर्शक, ज्योति कपूर रही मुख्यतिथि

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

खुशी राम ठाकुर, बरोट

चौहार घाटी की बरोट पंचायत के ठंडी गुलाई में गांधी जयंती के उपलक्ष्य में युवक मंडल एवं महिला मंडल बरोट के सौजन्य से आयोजित तीन दिवसीय मेलाचार हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। 2 से 4 अक्तूबर तक चले इस मेले में चौहार घाटी और छोटाभंगाल घाटी के सैकड़ों लोगों के साथ बाहरी पर्यटकों ने भी भाग लिया। तीन दिनों तक खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और लोकगीत-संगीत ने मेले के माहौल को पूरी तरह उत्सवी बना दिया।

मेले के समापन समारोह में किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री एवं लाहुल-स्पीति भाजपा प्रभारी ज्योति कपूर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मेला कमेटी के अध्यक्ष शनि कुमार तथा महिला मंडल बरोट की प्रधान संतोष ठाकुर ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। युवक मंडल एवं महिला मंडल की ओर से ज्योति कपूर और उनके साथ आए गणमान्य लोगों को स्मृति चिन्ह, बैज, टोपी एवं मफलर भेंट कर सम्मानित किया गया।

तीन दिवसीय मेले के दौरान कबड्डी, वॉलीबॉल, रस्साकशी, घड़ा तोड़ना, लंबी कूद और ऊंची कूद सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। स्कूली बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जबकि महिला मंडलों ने पारंपरिक पहाड़ी नाटियों से दर्शकों का मनोरंजन किया।

मुख्यातिथि ज्योति कपूर ने कहा कि बरोट क्षेत्र में करीब चार दशकों से इस मेले का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेले हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा हैं और इन्हें आने वाली पीढ़ियों के लिए संरक्षित रखना सभी का दायित्व है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और मेलजोल को बढ़ावा देते हैं।

उन्होंने बरोट क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि शानन विद्युत परियोजना के अधीन क्षतिग्रस्त ट्रॉली लाइन का जीर्णोद्धार कर विंचकप से बरोट तक ट्रॉली सेवा को दोबारा शुरू किया जाए तो इससे क्षेत्र के विकास और पर्यटन को नई गति मिल सकती है। साथ ही स्थानीय बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने अपनी ओर से 31 हजार रुपये की राशि प्रदान की। इसके अलावा नाटी प्रस्तुत करने वाले महिला मंडलों को 2100-2100 रुपये तथा युवक मंडलों को 1100-1100 रुपये की नकद राशि देकर प्रोत्साहित किया।

मेले की दूसरी एवं स्टार सांस्कृतिक संध्या 4 अक्तूबर को प्रसिद्ध लोकगायक रमेश ठाकुर के नाम रही। सांस्कृतिक संध्या में पद्धर बीडीसी अध्यक्ष सुनीता ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मेला मैदान पहुंचने पर युवक मंडल एवं महिला मंडल बरोट ने उनका जोरदार स्वागत किया। युवक मंडल बरोट के सचिव राजेश कुमार ने मुख्यातिथि को स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया, जबकि उनके पति कमलदीप को टोपी एवं मफलर पहनाकर सम्मानित किया गया।

लोकगायक रमेश ठाकुर ने मंच संभालते ही एक के बाद एक लोकप्रिय पहाड़ी गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने शिव भजन से सांस्कृतिक संध्या का आगाज किया। इसके बाद उन्होंने ‘केरे झुरिए झुरना आसे संगी तेरे पुराने’, ‘बोली आपणी बिसरी लगा बोलदा नो-नो यस’, ‘नखरे तेरे रितुए लागे’, ‘शीशा चुटी नी जुड़दा धागे जुड़ी जांदे’, ‘छन-छन बाजे तेरी पायल गोरिया’ और ‘कुणी चोड़ी हथे री बंगा ओ लाड़ी रेशमा’ जैसे पहाड़ी गीतों के साथ फिल्मी गीत भी प्रस्तुत किए।

रमेश ठाकुर की मधुर आवाज और शानदार प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और बड़ी संख्या में लोग नाचते नजर आए। इससे पहले बड़ी झरवाड़ गांव के राजकुमार लगवाल तथा ढरांगण गांव के उभरते लोकगायक कमलेश कुमार ने भी पहाड़ी, कांगड़ी, मंडयाली, कुल्लवी और हिंदी गीत प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया।

रात करीब दस बजे तक चली सांस्कृतिक संध्या के समापन पर मंच संचालक अखिल ठाकुर ने तीन दिवसीय मेले के सफल आयोजन की घोषणा की। उन्होंने सभी लोगों का आभार जताते हुए अगले वर्ष भी मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इसकी शोभा बढ़ाने का निमंत्रण दिया।

इस अवसर पर पूर्व जिला परिषद सदस्य कली राम, बूथ अध्यक्ष छिंजू राम, पूर्व प्रधान मनागल सिंह, पूर्व बीडीसी सदस्य राजपाल, पूर्व बीडीसी सदस्य रामचंद्र, उपप्रधान राज कुमार, देश राज, प्रेम कुमार, पृथ्वी पाल, खेख राम, प्रधान जोगिंद्र पाल, संतोष कुमार, रामदास, छांगा राम, प्यार चंद सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *