सुरभि न्यूज़
बंजार (कुल्लू)
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) ने जुलाई 2026 सत्र के लिए पुनः पंजीकरण (Re-registration) की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 15 जुलाई 2026 कर दिया है। इससे पहले विश्वविद्यालय द्वारा ऑनलाइन पुनः-पंजीकरण की आखिरी तारीख 30 जून 2026 निर्धारित की गई थी।
यह महत्वपूर्ण जानकारी इग्नू अध्ययन केंद्र-1148, राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय बंजार के सहायक समन्वयक रामा नंद ठाकुर ने दी। उन्होंने बताया कि यह सुविधा मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा (ODL) तथा ऑनलाइन कार्यक्रमों के तहत आगामी सेमेस्टर अथवा शैक्षणिक वर्ष में प्रवेश के लिए पात्र विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध है।
सहायक समन्वयक रामा नंद ठाकुर ने ऐसे सभी छात्र-छात्राओं से अपील की है जिन्होंने अभी तक अपना पुनः-पंजीकरण नहीं करवाया है, वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
अंतिम दिनों में वेबसाइट पर बढ़ते दबाव या किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या के कारण होने वाली असुविधा से बचा जा सके। छात्र अपने पुराने नामांकन संख्या (Enrollment Number) और पासवर्ड के माध्यम से इग्नू के आधिकारिक पुनः-पंजीकरण पोर्टल पर लॉगिन करके आसानी से अपना आवेदन सबमिट कर सकते हैं।










