सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बारोट
पर्यटन की ओर अग्रसर चौहार घाटी का बरोट क्षेत्र हमेशा साफ़ – सुथरा दिखाई दें, इसके लिए स्थानीय पंचायतें व प्रशासन सजग हो गया है। इसके चलते गत सप्ताह एसडीएम पद्धर सुरजीत सिंह ठाकुर ने बरोट पंचायत परिसर में वर्तमान व पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय महिला व युवक मंडलों तथा स्थानीय लोगो के साथ बैठक की।
उपमंडल अधिकारी ने कहा कि पर्यटन स्थल बरोट को साफ – सुथरा रखने के लिए हम सभी को आगे आना चाहिए। उन्होंने उपस्थित लोगों को दिशा निर्देश देते हुए कहा कि गाँववासी अपने गाँव में व गाँव के आसपास तथा बरोट, लंबाडग, स्कूल मार्किट और लक्कड़ बाजार के सभी व्यापारी अपनी – अपनी दुकानों के बाहर कूड़ा – कचरा न फैलाएं और बाहर से आने वाले सभी पर्यटकों को भी इधर उधर कचरा न फैलाने के प्रति सचेत करें।
बरोट क्षेत्र में कूड़ा-कचरा फैलाकर इसकी सुन्दरता पर दाग न लगने दें। इसके लिए बरोट पंचायत की वर्तमान नवनिर्वाचित पंचायत प्रधान हीना देवी की अगुवाई में बरोट, लक्कड़ बाज़ार, स्कूल मार्किट तथा लंबाडग के व्यापारियों व अन्य लोगों को स्वच्छता के बारे में प्रेरित किया व उन्हें सख्त निर्देश दिए कि अपनी दुकानों के आस पास कूडा – कचरा न फैलाएँ और पर्यटकों को भी इस बारे मैं सचेत करें।
एसडीएम ने कहा कि अगर कोई भी पर्यटक व स्थानीय कोई भी व्यक्ति कूड़ा – कचरा फैलाता हुआ पकड़ा गया तो उसके विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी तथा जुर्माना भी भरना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि गिले कचरे को पंचायत द्वारा सुरक्षित स्थान पर बनाए गड़े में ले जाकर डालें जबकि प्लास्टिक व सूखे अन्य कूड़े – कचरे को बोरी में भर कर पंचायत कार्यालय में पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि पंचायत में एकत्रित किए गए प्लास्टिक व सूखे कूड़े कचरे को पद्धर के समीप ड्लाह में स्थापित किए गए कूड़ा नियंत्रण निषेद केंद्र में समय अनुसार पहुंचा जाएगा।










