कुल्लू जिला के निथर में कारगिल युद्ध के हीरो अमर शहीद डोला राम की शहादत को किया नमन, 27 वां बलिदान दिवस आयोजित 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

छविन्द्र शर्मा, आनी

कारगिल युद्ध के दौरान 3 जुलाई 1999 को शहीद हुए अमर शहीद डोला राम का 27 वाँ बलिदान दिवस उनके गृह क्षेत्र निथर में स्थित शहीद डोला राम मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण में श्रद्धा, सम्मान एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। समारोह में भारतीय सेना की महार रेजिमेंट के सूबेदार सत्येंद्र मिश्रा तथा अजीत पांडे जी ने बतौर विशिष्ट अतिथि तथा शहीद डोला राम की पत्नी प्रेमा देवी ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर सैन्य सम्मान दिया और उनके बलिदान को नमन किया। इस मौके पर दो मिनट के मौन के साथ अमर शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एसजेवीएन. (एलएचईपी) की
महाप्रबंधक अल्का जायसवाल रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में शहीद हवलदार डोला राम की धर्मपत्नी प्रेमा देवी उपस्थित रहीं।
अन्य सम्मानित अतिथियों में ग्राम पंचायत नित्थर के प्रधान प्रवीण कुमार, ग्राम पंचायत देहरा की प्रधान अनीता ठाकुर, ग्राम पंचायत तांदी के प्रधान संजीव चीता, ग्राम पंचायत पलेही के प्रधान शिशुपाल, ग्राम पंचायत दुराह की प्रधान गिरिजा देवी, ग्राम पंचायत लोट के प्रधान वर चंद सोनी, बीडीसी सदस्य सुरेंद्र पाल सहित क्षेत्र के पूर्व सैनिक, गणमान्य नागरिक, अभिभावक और स्थानीय जमा दो विद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नाटक, भाषण तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कारगिल के अमर वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है और नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।

इस अवसर पर शहीद की धर्मपत्नी प्रेमा देवी के साथ सभी अतिथियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मंच का बेहतर संचालन विद्यालय के प्रवक्ता राजेंद्र ठाकुर और अनिल गोस्वामी ने किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने शहीद हवलदार डोला राम के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा का संकल्प लिया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का विधिवत समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *