सुरभि न्यूज़
नगवाई, 04 जुलाई
एनएचपीसी पार्बती जलविद्युत परियोजना चरण-II ने कॉपर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) और सतत विकास (SD) पहल के तहत एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। परियोजना प्रबंधन ने जिला आयुर्वेदिक अस्पताल कुल्लू में आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल प्रशासन के साथ एक समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए हैं।
इस पहल के तहत अस्पताल को 3 लाख रुपये मूल्य के आवश्यक चिकित्सा उपकरण प्रदान किए जाएंगे। कंपनी अधिनियम 2013 के तहत अपनी विकासात्मक प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए, इस एमओयू पर 03 जुलाई 2026 को हस्ताक्षर किए गए।
एनएचपीसी के प्रतिनिधि के रूप में समूह वरिष्ठ प्रबंधक (सिविल) आनंद कुमार सिंह और जिला आयुर्वेदिक अस्पताल की प्रभारी डॉ. मनुवाला गौतम ने इस समझौते पर सहमति जताई।
इस अवसर पर उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) अरविंद कौशिक भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अस्पताल में इन नए उपकरणों के आने से न केवल कुल्लू जिला, बल्कि पड़ोसी क्षेत्रों जैसे लाहौल-स्पीति, पांगी और मंडी के मरीजों को भी बेहतर और आधुनिक आयुर्वेदिक चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
एनएचपीसी प्रबंधन ने दोहराया कि वे परियोजना के आसपास के क्षेत्रों के सतत विकास और जन कल्याण के लिए लगातार कार्य करते रहेंगे।











