सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, केलांग
प्राकृतिक आपदाओं के प्रति संवेदनशील लाहौल एवं स्पीति जैसे जनजातीय एवं दुर्गम जिले में स्थानीय युवाओं की भागीदारी को सशक्त बनाने की दिशा में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) लाहौल एवं स्पीति द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल के तहत राजकीय महाविद्यालय कुकुमसेरी में आपदा मित्र प्रशिक्षण प्राप्त विद्यार्थियों को आपदा मित्र किट वितरित की गईं। कार्यक्रम में उपायुक्त एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) लाहौल – स्पीति किरण भड़ाना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर उपायुक्त ने बताया कि राजकीय महाविद्यालय कुकुमसेरी के विद्यार्थियों ने 6 से 13 दिसंबर, 2025 तक अटल विहारी वाजपेयी माउंटेनरिंग एवं अलाइड स्पोर्ट्स संस्थान मनाली में आयोजित आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया था। यह विशेष प्रशिक्षण लाहौल एवं स्पीति के जनजातीय क्षेत्र के युवाओं को प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों के लिए प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।
उपायुक्त ने प्रशिक्षित विद्यार्थियों को आपदा मित्र किट वितरित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान और अब उपलब्ध कराई गई आपदा किट आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि भूस्खलन, हिमस्खलन, बादल फटना, बाढ़ तथा अन्य प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। ऐसे प्रशिक्षित युवा प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर लोगों की सहायता करने, प्राथमिक राहत उपलब्ध कराने तथा आपदा के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया देने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि जिला प्रशासन युवाओं के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए समय-समय पर करियर काउंसलिंग, व्यक्तित्व विकास, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, उद्यमिता, आपदा प्रबंधन तथा अन्य समसामयिक विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा कार्यशालाएं एवं जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों को अपने भविष्य के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण विकसित करने में सहायता मिल सके।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि कॉलेज जीवन केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह अपने व्यक्तित्व को निखारने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया तथा आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन विद्यार्थियों के हित में हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
इस अवसर पर उपमंडल अधिकारी (ना.) उदयपुर अलीशा चौहान ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आपदा मित्र प्रशिक्षण युवाओं को केवल आपदा प्रबंधन की तकनीकी जानकारी ही नहीं देता, बल्कि उनमें सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को समाजहित में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हुए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय कुकुमसेरी के प्राचार्य ने उपायुक्त एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और भविष्य निर्माण में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं।
इस अवसर पर राजकीय महाविद्यालय कुकुमसेरी एवं एकलव्यत आवासीय आदर्श विद्यालय के प्राचार्य, दोनों शिक्षण संस्थानों के शिक्षकगण, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।










