आढ़ती एसोसिएशन सब्जी मण्डी बन्दरोल की नई कार्यकारिणी के चुनाव सम्पन्न,  जीवानंद बने प्रधान व देवेन्द्र भण्डारी उपप्रधान निर्वाचित

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

कुल्लू, 11 जुलाई

आढ़ती एसोसिएशन सब्जी मण्डी बन्दरोल की नई कार्यकारिणी के गठन हेतु शुक्रवार को आयोजित चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं लोकतांत्रिक वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए। चुनाव को लेकर स्थानीय आढ़तियों एवं व्यापारियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इसी उत्साह का परिणाम रहा कि कुल 93 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो सदस्यों की सक्रिय भागीदारी तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति उनके विश्वास का परिचायक है।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान आपसी सौहार्द एवं सर्वसम्मति की मिसाल पेश करते हुए महासचिव पद पर शरभ चन्द्र नेगी तथा कोषाध्यक्ष पद पर बुद्धि सिंह ठाकुर को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। वहीं प्रधान एवं उपप्रधान पद के लिए हुए मतदान के उपरांत कड़ी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ मतगणना सम्पन्न हुई। चुनाव समिति द्वारा घोषित परिणामों के अनुसार जीवानंद प्रधान तथा देवेन्द्र भण्डारी उपप्रधान निर्वाचित हुए।

पूरी चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने में गठित चुनाव समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिसमें एसोसिएशन के मुख्य चुनाव आयुक्त एवं मुख्य संरक्षक दिनेश सेन ने संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया का सफल संचालन किया। उनके साथ एसोसिएशन के संरक्षक मण्डल सदस्य सागर सिंह तथा ग्राम पंचायत बन्दरोल के प्रधान हरीश शर्मा ने चुनाव प्रक्रिया की सतत निगरानी की।

कुल्लू फलोत्पादक मण्डल के प्रधान प्रेम शर्मा ने पर्यवेक्षक (Observer) के रूप में भुमिका निभाई। चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में तेज राम ठाकुर, हुक्म ठाकुर एवं बंसी लाल ठाकुर ने सहयोगी के रूप में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएँ प्रदान की। चुनाव परिणाम घोषित होने के पश्चात एसोसिएशन के मुख्य चुनाव आयुक्त एवं मुख्य संरक्षक दिनेश सेन ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

आढ़ती एसोसिएशन सब्जी मण्डी बन्दरोल के सभी सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी आगामी तीन वर्षों तक आढ़तियों के हितों की प्रभावी ढंग से रक्षा करेगी। साथ ही यह टीम सब्जी मण्डी के समग्र विकास, व्यापारिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेगी। एसोसिएशन ने चुनाव प्रक्रिया को सौहार्दपूर्ण एवं सफल बनाने के लिए चुनाव समिति, सभी प्रत्याशियों तथा समस्त मतदाताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *