बिलासपुर की संस्कृतिक विरासत को सहेजने और महिला सशक्तिकरण हेतु सुरेन्द्र मिन्हास शान ए बिलासपुर सम्मान से सम्मानित 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

चांदपुर, बिलासपुर

हिमाचल एकता मंच और सिन्दूर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वाधान में शान ए बिलासपुर सम्मान समारोह नगर स्थित जिला परिषद भवन के सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश भर से आए आधा दर्जन से अधिक विभूतियों को शान ए बिलासपुर सम्मान से अलंकृत किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता हिमाचल एकता मंच के अध्यक्ष दीप लाल भारद्वाज ने की जबकि हिमुडा के निदेशक जितेन्द्र चंदेल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। सम्मान आयोजन में प्रदेश के जाने माने संपादक, लेखक, साहित्यकार, कवि व पत्रकारों को सम्मानित किया गया।

कल्याण कला मंच बिलासपुर के निदेशक सुरेन्द्र मिन्हास कहलूरी को बिलासपुर की संस्कृति विरासत को सहेजने और जिला व प्रदेश के कला व कलमकारों विशेष रूप से महिलाओं को साहित्यिक मंच प्रदान करने और महिला सशक्तिकरण को सशक्त बनाने  में किए गए सफल प्रयासों के लिए शान ए बिलासपुर सम्मान से विभूषित किया गया। मंचासीन आयोजकों ने सुरेन्द्र मिन्हास को पुष्पहार पहना कर पुष्प गुच्छ, स्मृति चिन्ह और प्रमाणपत्र दे कर अलंकृत किया।

सुरेन्द्र मिन्हास कॉलेज के समय से ही एक समाज सेवी के रूप में जाने जाते रहे  है, परन्तु वर्ष 1996 में बिलासपुर लेखक संघ के सदस्य फिर महासचिव बनने के बाद समाज सेवा व सांस्कृतिक विरासत को सहेजने में तन मन धन से जुट गए। मिन्हास ने ग्रामीण क्षेत्र में छिपी कला प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें मंच प्रदान कर भगीरथ कार्य किया। उन्होंने सांस्कृतिक, साहित्य और समाज सेवा के क्षेत्र में निस्वार्थभाव से कार्य करने पर युवा, महिलाओं व बुजुर्गों को सम्मानित करने का बीड़ा उठाया जो निरंतर आज भी सिलसिला चला हुआ है।

वर्तमान में कल्याण कला मंच बिलासपुर के प्रधान और फिर निदेशक के पदों पर रहते हुए उपरोक्त कार्यों के अलावा जिला की संस्कृति, परंपराओं, पुराने खेलों, रीति रिवाजों और प्राचीन धरोहरों के प्रचार, प्रसार और संरक्षण बारे अपने मंच की टीम के साथ कार्य कर रहे हैं। साथ ही मंच कहलूरी बोली के प्रचार, प्रसार और प्रकाशन को भी बढ़ावा देने के लिए कृत संकल्प है।

सुरेन्द्र मिन्हास और मंच के प्रयासों से आज कई युवा, महिलाएं व बुजुर्ग गुमनाम लेखक व कलाकार राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी कलम और कला का जादू बिखेर रहे हैं। सुरेन्द्र मिन्हास को उनके गंभीर और सार्थक समाज सेवाओं के लिए राज्य और राष्ट्रीय संस्थाओं द्वारा सैकड़ों सम्मानों और प्रशस्ति पत्रों से सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें हिमाचल एकता मंच द्वारा शान ए बिलासपुर सम्मान से सम्मानित करने पर समूचे प्रदेश को गर्व हो रहा है। सुरेन्द्र मिन्हास को इस सम्मान मिलने पर शुभकामना के सन्देश मिलने का ताँता लगा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *