द्रंग विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता सम्मेलन सफलतापूर्वक आयोजित

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट

द्रंग विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी का जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सम्मेलन में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने संगठन की मजबूती तथा आगामी समय के प्रति उनके संकल्प को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रतिपक्ष नेता जयराम ठाकुर विशेषरूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में समस्त जनप्रतिनिधियों एवं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि सभी जनप्रतिनिधि आगामी लगभग डेढ़ वर्ष तक धैर्य, संयम एवं समर्पण के साथ जनता की सेवा करते रहें।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के उपरांत विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे तथा पिछले डेढ़ वर्ष के दौरान जो भी विकास कार्य अधूरे रह गए हैं उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। सम्मेलन में द्रंग विधानसभा क्षेत्र के सभी निर्वाचित जिला परिषद सदस्य, भारतीय जनता पार्टी समर्थित पंचायत समिति अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, बीडीसी, प्रधान, उपप्रधान एवं वार्ड पंच उपस्थित रहे।

विधायक पूर्ण चंद ठाकुर के नेतृत्व में सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा के प्रति अपनी
आस्था एवं विश्वास व्यक्त करते हुए सर्वसम्मति से संकल्प लिया कि वे अपने पूरे कार्यकाल के दौरान अपने क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास एवं जनसेवा के लिए पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।

भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश सचिव चंदन पंडित ने कहा कि इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व द्रंग के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर ने सभी प्रतिनिधियों को सम्मानित करते हुए उन्हें स्मृतिचिन्ह भी भेंट किए। अपने संबोधन में विधायक पूर्ण चंद ठाकुर ने समस्त जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे अभी से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए पूरी सक्रियता से कार्य करें।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के गठन में द्रंग विधानसभा क्षेत्र अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा पार्टी की विजय सुनिश्चित करने में उल्लेखनीय योगदान देगा। इस अवसर पर भाजापा से हटकर पंचायत चुनाव से जीत कर आए अनेक नवनिर्वाचित प्रधान, उपप्रधान एवं वार्ड सदस्यों ने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

पार्टी परिवार ने सभी नवप्रवेशी जनप्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके जुड़ने से संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश सचिव चंदन पंडित ने सम्मेलन की सफलता पर सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं समर्पित कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि द्रंग विधानसभा क्षेत्र में संगठन पहले से अधिक सशक्त और संगठित होकर कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, जनसमर्थन और संगठन की एकजुटता के बल पर आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी तथा द्रंग विधानसभा क्षेत्र इस विजय में निर्णायक भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *