सुरभि न्यूज़
बंदरोल, कुल्लू : 16 जुलाई
कुल्लू में आढ़ती एसोसिएशन सब्जी मण्डी बन्दरोल की एक महत्वपूर्ण बैठक आज एसोसिएशन के मुख्य चुनाव आयुक्त एवं मुख्य संरक्षक दिनेश सेन की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में हाल ही में निर्वाचित नई कार्यकारिणी के साथ-साथ संगठन के संरक्षक मण्डल के सदस्यों ने भाग लिया तथा एसोसिएशन को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कार्यकारिणी के विस्तार पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक में संरक्षक मण्डल के सदस्य हरीश शर्मा (प्रधान, ग्राम पंचायत बन्दरोल) एवं बीना ठाकुर (प्रधान, ग्राम पंचायत जिन्दौड़) सहित नवनिर्वाचित प्रधान जीवानंद, उपप्रधान देवेन्द्र भण्डारी, महासचिव शरभ चन्द्र नेगी तथा कोषाध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर ने आपसी सहमति एवं सर्वसम्मति से कार्यकारिणी का विस्तार किया गया। जिसमें बंसी लाल ठाकुर को सचिव, श्याम कुल्लवी को प्रेस सचिव तथा हुक्म ठाकुर को संरक्षक मण्डल के प्रतिनिधि के रूप में मनोनीत किया गया। इसके अतिरिक्त संगठन में अनुभवी आढ़तियों में तेज राम ठाकुर एवं थरवन लाल नेगी को मुख्य सलाहकार की जिम्मेदारी सौंपी गई, ताकि उनके अनुभव का लाभ संगठन को निरंतर मिलता रहे।
इसी क्रम में कार्यकारिणी के सदस्यों के रूप में नारायण ठाकुर, कृष्ण गोपाल, शिव राम, मोहर सिंह, भोला राम, रविन्द्र ठाकुर, हिरा लाल ठाकुर, राकेश पठानिया तथा निरत राम ठाकुर को सर्वसम्मति से मनोनीत किया गया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने तथा आढ़ती समुदाय के हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प व्यक्त किया।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त एवं मुख्य संरक्षक दिनेश सेन ने कहा कि एक मजबूत एवं सक्रिय कार्यकारिणी ही संगठन को नई दिशा प्रदान कर सकती है। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि नई टीम आपसी समन्वय, पारदर्शिता एवं सहयोग की भावना के साथ कार्य करते हुए सब्जी मण्डी बन्दरोल के विकास, व्यापारियों की समस्याओं के समाधान तथा एसोसिएशन की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने संगठन की एकता बनाए रखने, आढ़तियों के हितों की रक्षा करने तथा भविष्य में मण्डी से जुड़े प्रत्येक महत्वपूर्ण विषय पर सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।










