सुरभि न्यूज़
फरीदाबाद (हरियाणा), 19 जुलाई
पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिनांक 18 जुलाई को “एक बच्चा-एक पौधा थीम के अंतर्गत एनएचपीसी लिमिटेड, फरीदाबाद एवं पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-2, फरीदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में “मिशन लाइफ (Mission LiFE)” तथा “एक पेड़ माँ के नाम 3.0” अभियान के तहत केन्द्रीय विद्यालय परिसर में वन महोत्सव का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, एनएचपीसी भूपेंद्र गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस अवसर पर निदेशक (परियोजनाएँ) संजय कुमार सिंह; निदेशक (तकनीकी) सुप्रकाश अधिकारी; निदेशक (वित्त व कार्मिक) महेश कुमार शर्मा; एनएनएचपीसी महिला कल्याण समिति की मुख्य संरक्षक शिखा गुप्ताः समिति की संरक्षक सोमा अधिकारी व रिंकू शर्मा के साथ केन्द्रीय विद्यालय की प्राचार्या ममता शेखर सहित एनएचपीसी के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण व विद्यालय के शिक्षक तथा विद्यार्थी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में भूपेन्द्र गुप्ता ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किया गया मिशन लाइफ हमें पर्यावरण संरक्षण को जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अधिकाधिक पौधारोपण करने तथा वृक्षों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। गुप्ता ने कहा कि बच्चों में प्रकृति एवं पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और संस्कार विकसित करना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यही संस्कार उन्हें भविष्य का जिम्मेदार नागरिक बनाएंगे।
उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण विषय पर बनाई गई चित्रकृतियों एवं प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनकी सृजनात्मकता की प्रशंसा की तथा सभी विद्यार्थियों को उनके उत्साहपूर्ण सहभागिता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
अपने संबोधन में विद्यालय की प्राचार्या ममता शेखर ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता तथा मिशन लाइफ के सिद्धांतों को व्यवहार में अपनाने की प्रेरणा देना है। उन्होंने कहा कि “एक बच्चा-एक पौधा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने का जनसंकल्प है।
उल्लेखनीय है कि वन महोत्सव के अंतर्गत विद्यालय परिसर में कुल 2,000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में आज आयोजित कार्यक्रम के दौरान लगभग 600 पौधों का रोपण किया गया, जिनमें पिलखन, अशोक, इंडियन विलो तथा निर्गुडी जैसी प्रजातियाँ शामिल हैं।
शेष लगभग 1,400 पौधों का रोपण आगामी दिनों में चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में कब-बुलबुल, स्काउट एवं गाइड की आकर्षक प्रस्तुतियाँ, पौधारोपण, गीत, समूहगान, भरतनाट्यम, लघु नाटिका, समूह नृत्य, वाद्य यंत्र प्रस्तुति, पर्यावरण विषयक छात्र भाषण तथा पुरस्कार वितरण जैसे विविध सांस्कृतिक एवं शैक्षिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।












