कार्यक्रम में युवा कांग्रेस मनाली के पूर्व अध्यक्ष एवं समाजसेवी हीरा लाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने युवाओं को पर्यावरण संरक्षण, वन संवर्धन एवं नियमित रक्तदान के महत्व के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि प्रकृति की रक्षा और मानव सेवा, दोनों ही एक जागरूक नागरिक का कर्तव्य हैं। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनका संरक्षण करने तथा स्वैच्छिक रक्तदान जैसे जनहित कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

टीम सहभागिता के निदेशक एवं स्नो लैंड स्काउट्स एंड गाइड्स ओपन ग्रुप, कुल्लू के ग्रुप लीडर बीजू हिमदल ने बताया कि संस्था प्रत्येक वर्ष मानसून के दौरान पौधारोपण अभियान चलाती है। इसी क्रम में इस वर्ष टीम सहभागिता एवं स्नो लैंड स्काउट्स एंड गाइड्स के संयुक्त तत्वावधान में भेखली के जंगलों में देवदार के पौधे रोपे गए। अभियान के दौरान गत वर्षों में लगाए गए पौधों का सर्वेक्षण कर उनकी स्थिति का आकलन किया गया तथा उनके आसपास बने गड्ढों की सफाई और रखरखाव भी किया गया, ताकि पौधों की बेहतर वृद्धि और संरक्षण सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण करना भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
टीम सहभागिता के सलाहकार एवं समाजसेवी तुले राम ने युवाओं के उत्साह, अनुशासन और सेवा भावना की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जनसहभागिता आधारित अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज में सकारात्मक सोच और सामुदायिक भागीदारी को भी मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर टीम सहभागिता के उपाध्यक्ष राज सिंघानिया, सचिवालय प्रमुख अमन भारती, राज्य ख़ज़ांची संजू, जिला समन्वयक तरुण, मीडिया प्रभारी श्रवण, कल्चरल प्रमुख विवान गुड्डू, मेंबरशिप कोऑर्डिनेटर सोनू कुमार तथा सदस्य कपिल, आशीष, प्रवित,मोहित,चाँद, ईशानी, अंजलि और अनन्या सहित अन्य स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।











