सुरभि न्यूज़
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में भारत सरकार के वरिष्ठ पैनल अधिवक्ता तथा हिमाचल प्रदेश वुशु एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल मनहंस की छोटी बेटी कुमारी प्रतिमा मनहंस ने अपने पिता का सपना साकार कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
प्रतिमा ने वर्ष 2025-26 में हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित हिमाचल प्रशासनिक सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की थी।हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थान में प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद उन्होंने बीते दिन जिला मंडी के चौंतडा में खंड विकास अधिकारी के पद पर अपनी सेवाएं शुरू कर दी हैं।
प्रतिमा मनहंस बिलासपुर के बरमाना क्षेत्र से संबंध रखती हैं और इस क्षेत्र की पहली एचएएस अधिकारी बनने का गौरव हासिल किया है। प्रतिमा की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और लोगों द्वारा लगातार बधाइयों का तांता लगा हुआ है। प्रतिमा की माता मंजू मनहंस भी बरमाना पंचायत की प्रधान रह चुकी हैं।
इस अवसर पर पिता शिवपाल मनहंस ने कहा कि उनकी बेटी ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिचय दिया है। आज उन्हें अपनी बेटी पर बेहद गर्व और अपार खुशी महसूस हो रही है कि उसने उनका अधूरा सपना पूरा किया। वहीं माता मंजू मनहंस ने भावुक होते हुए कहा कि प्रतिमा बचपन से ही मेधावी और लक्ष्य के प्रति समर्पित रही है।
उन्होंने बेटी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह आगे भी ईमानदारी और निष्ठा के साथ समाज की सेवा करेगी।
शिवपाल मनहंस एयरफोर्स से सेवानिवृत होने के बाद बिलासपुर जिला न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में सेवाएं दीं तथा बाद में प्रदेश भाजपा सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता के महत्वपूर्ण पद पर कार्य किया। आज उनकी बेटी ने उनके सपने को पूरा कर परिवार और जिले का नाम गौरवान्वित किया है।












