Listen to this article
सुरभि न्यूज़
केलांग, 21 जुलाई
लाहौल-स्पीति में मानसून के आगमन तथा, सामान्य से अधिक वर्षा का अनुमान के चलते सभी विभागों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके दृष्टिगत मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष, केलांग में मानसून की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अध्यक्ष लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने की।
उपायुक्त ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की प्रगति पर सभी विभागों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग के अनुमानों के मुताबिक जिले में इस वर्ष पिछले वर्षों की तुलना में सामान्य से अधिक वर्षा होने का अनुमान है। उन्होंने संभावित प्राकृतिक आपदाओं एवं आपात परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभागों को आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने लोक निर्माण, जल शक्ति सहित समस्त संबंधित विभागों को एसडीआरएफ के अंतर्गत पूर्ण किए गए कार्यों के उपयोगिता प्रमाण पत्र शीघ्र भेजने तथा राज्य आपदा शमन निधि (एसडीएमएफ) के अंतर्गत कार्यों के परियोजना प्रस्ताव रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए ताकि समय पर इन कार्यों को अमली जामा पहनाया जा सके।
उपायुक्त ने कृषि एवं बागवानी विभाग को किसानों और बागवानों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने तथा उनकी उपज को समय पर बाजार तक पहुंचाने एवं उठान (लिफ्टिंग) की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान किसानों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए विभाग वैकल्पिक कार्ययोजना भी तैयार करें।
उन्होंने विद्युत विभाग को मानसून अवधि के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा सभी आवश्यक उपकरणों एवं मरम्मत दलों को तैयार रखने को कहा।
उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग को सड़क अवरोध, भूस्खलन एवं अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक मशीनरी, उपकरण एवं मानव संसाधन पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए ताकि किसी भी मार्ग को शीघ्र बहाल किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग को सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाइयों एवं जीवन रक्षक औषधियों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग को एलपीजी सिलेंडरों, खाद्य तेल तथा आवश्यक राशन सामग्री का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने तथा किसी भी क्षेत्र के सड़क संपर्क बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक आपूर्ति व्यवस्थाओं के लिए अग्रिम समन्वय स्थापित करने को कहा गया। उन्होंने गत वर्षों से लगातार आपदा से ग्रस्त हो रहे क्षेत्रों में राहत सामग्री का पहले ही आवश्यक संग्रह करने को कहा ताकि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को इसका लाभ दिया जा सके।
उपायुक्त ने सभी विभागों को संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक एहतियाती उपाय करने, राहत एवं बचाव संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में आने वाले पर्यटकों एवं यात्रियों से भी मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्राओं की पूर्व योजना बनाने तथा यात्रा से पूर्व मौसम एवं सड़क संबंधी ताज़ा जानकारी प्राप्त करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन मानसून के दौरान जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि टेलिंग नाला तथा पागल नाला में होने वाले अवरोध के मद्देनजर सीमा सड़क संगठन द्वारा इस बार सिसु में ही मशीनरी को रखा गया है ताकि आवश्यकता पड़ने पर अविलंब ही कार्य को गति दी जा सके। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
बैठक में एसडीएम केलांग कुनिका एकर्स, पीओ आईटीडीपी अश्वनी कुमार, उप अधीक्षक पुलिस रश्मि शर्मा, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग अजय गुप्ता, अधिशाषी अभियंता विद्युत विभाग सूर्या शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी मनोज गांधी, उपनिदेशक पशुपालन डॉ सुदर्शन,सीमा सड़क संगठन स्टींगरी ओसी आकाश चौधरी, जिला कृषि अधिकारी चौधरी राम,डीपीओ (आईसीडीएस) संजय डोगरा एनडीआरएफ के सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया











