सुरभि न्यूज़
ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट
बरोट-जोगिंद्रनगर रूट पर सरकारी बस बंद होने से चौहार घाटी के ग्रामीणों में रोष। पिछले करीब एक महीने से जोगिंद्रनगर-थल्टूखोड़-बरोट रूट पर हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की सरकारी बस का संचालन अचानक बंद कर दिया गया है। बस सेवा बंद होने से चौहार घाटी की विभिन्न पंचायतों—धमच्याण, लटराण, बरधाण, लपास, बरोट और खलैहल आदि के निवासियों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह बस रोजाना जोगिंद्रनगर से सुबह 11:00 बजे चलकर वाया थल्टूखोड़ दोपहर लगभग 2:00 बजे बरोट पहुँचती थी। धमच्याण पंचायत के पूर्व प्रधान एवं नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य रोशन लाल ने कहा कि वर्षों पुराने इस बस रूट को अचानक बंद करना घाटी के लोगों के साथ अन्याय है। उन्होंने परिवहन निगम से आग्रह किया है कि ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बस सेवा को तुरंत पुन: बहाल (सुचारू) किया जाए।











