कुल्लू विधान क्षेत्र में 18.18 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली दो सड़कों का किया भूमि पूजन, गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

कुल्लू, 23 जुलाई
कुल्लू के विधायक सुन्दर सिंह ठाकुर ने कुल्लू निर्वाचन क्षेत्र की ग्राम पंचायत फलाण के शालंग गांव में कुंगी नाला (शालंग-जिन्दी सड़क) तथा ग्राम पंचायत ब्राह्मण के शलाण गांव में खोपरी–माथाला सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
लोगों को सम्बोधित करते हुए विधायक कहा कि लगभग 18 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली इन दोनों सड़क परियोजनाओं को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार दूर दराज, दुर्गम तथा ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने और आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
ठाकुर ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की भाग्य रेखाएं होती हैं। सड़क सुविधा से न केवल लोगों का आवागमन सुगम होता है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि हर गांव को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ा जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र एवं संतुलित विकास सुनिश्चित हो सके और लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े।
उन्होंने बताया कि 10 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत से कुंगी नाला पर शालंग-जिन्दी सड़क तथा 7 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से खोपरी–माथाला सड़क का निर्माण किया जाएगा। विधायक ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी। प्रदेश सरकार सड़क निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने अधिकारियों तथा निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं ताकि जनता को शीघ्र लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और समय-समय पर कार्यों की समीक्षा भी की जाएगी। ग्रामीणों ने क्षेत्र में सड़क संपर्क मजबूत करने और विकास कार्यों को गति देने के लिए विधायक सुन्दर सिंह ठाकुर का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत फलाण की प्रधान अनीता, उपप्रधान भगवान सिंह, बीडीसी सदस्य योगराज, ग्राम पंचायत ब्राह्मण की प्रधान कौशल्या देवी, उपप्रधान देवेंद्र ठाकुर, बीडीसी सदस्य शांति देवी, पूर्व चेयरमैन सेस राम चौधरी,पंचायत प्रतिनिधि, एडीएम सुरजीत सिंह राठौर, खंड विकास अधिकारी लक्ष्मी शर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बी.सी. नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *