सुरभि न्यूज़
जोगिंदर नगर, 24 जुलाई
जोगिंद्रनगर उपमंडल के गुम्मा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। पहाड़ी से अचानक गिरी चट्टान की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए।
मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुल्लू के सुलतानपुर निवासी एक परिवार दो गाड़ियों में सवार होकर लड़ भडोल क्षेत्र में मां सिमसा मंदिर के दर्शन के लिए जा रहा था। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे सभी लोग गुम्मा के पास पानी पीने के लिए रुके थे। इसी दौरान ऊपर पहाड़ी से अचानक चट्टानें टूटकर गिरने लगीं और लोग उसकी चपेट में आ गए।
इस हादसे में रामेश्वरी शर्मा पत्नी गोपालकृष्ण निवासी सुलतानपुर कुल्लू की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 7 लोग घायल हो गए,
घायल हुए लोगों को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से तुरंत नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। बरसात के मौसम में पहाड़ों से पत्थर गिरने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, ऐसे में प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी क्षेत्रों में सतर्क रहने की अपील की है। अनावश्यक यात्रा न करें। घर में रहे सुरक्षित रहे।









