दर्दनाक बड़ा हादसा: कुल्लू से पांगी जा रही टैक्सी पर कडू नाला के पास गिरा पहाड़, 13 लोगों की मौत 2 घायल 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

तिन्दी, उदयपुर, 24 जुलाई

जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति के उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। कडू नाला के पास पहाड़ी से अचानक भारी मलबा गिरने से कुल्लू से पांगी जा रही एक टैक्सी उसकी चपेट में आ गई।

भरमौर के विधायक डॉ जनकराज ने जानकारी देते हुए बताया कि टैक्सी में 15 लोग सवार थे, जिनमें 13 लोगों की मौत हो गई है जबकि 2 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि अचानक पहाड़ से कडु नाला के पास मालबा गिरा और टैक्सी पूरी तरह से मलबे में दब गई।

विधायक ने बताया कि इस हादसे में एक छोटे बच्चे सहित 13 लोगों की मौत हो गई है जबकि दो लोगों ने छलांग लगा दी। जिससे वह बुरी तरह से घायल हुए है उन्हें अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है

हादसे की सूचना मिलते ही तिंदी पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके के लिए रवाना हो गए। प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया गया।

हादसे में घायल दो लोगों को अस्पताल भिजवा दिया जिस है। अन्य यात्रियों की तलाश के लिए जेसीबी और बचाव दल मलबा हटाने में जुटे हैं। भारी मलबा होने के कारण बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।

विधायक डॉ जनकराज ने इस हादसे पर गहरा शोक प्रकट करते हुए मृतकों के परिजनों से गहरी संवेदना प्रकट की है। उन्होंने जिला प्रशासन से भी आग्रह किया है कि घायलों का बेहतर उपचार करवाया जाए और मृतकों के परिजनों को भी उचित सहायता मुहैया करवाई जाए।

जिला प्रशासन लाहुल-स्पीति ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी का इंतजार करें। बचाव दल लगातार मौके पर काम कर रहा है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण यातायात पहले से ही प्रभावित है। प्रशासन ने इस मार्ग पर यात्रा करने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने को कहा है।

फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। हादसे के संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार है। हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *