सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, सोलन
जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कसौली, धर्मपुर और परवाणू थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कुल 26.62 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए हैं। सभी मामलों में मादक पदार्थ के स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला और इसमें संलिप्त अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।
कसौली में 11.80 ग्राम चिट्टा बरामद
पुलिस थाना कसौली की टीम नियमित गश्त एवं नाकाबंदी के दौरान किमुघाट के समीप पहुंची तो एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे तुरंत पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 11.80 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। आरोपी की पहचान उदय सिंह उर्फ पंकू (25) निवासी गांव सन्होल, डाकघर कोटबेजा, तहसील कसौली, जिला सोलन के रूप में हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा उसके आपराधिक रिकॉर्ड और नशे के नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की जांच जारी है।
धर्मपुर में 2.5 ग्राम चिट्टा के साथ आरोपी पकड़ा
पुलिस थाना धर्मपुर की टीम ने नियमित गश्त के दौरान संदेह के आधार पर एक व्यक्ति की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2.5 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ। आरोपी की पहचान विकास ठाकुर (37) निवासी गांव बगना, डाकघर जाठिया देवी, जिला शिमला के रूप में हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ के बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत नोटिस देकर उसे पाबंद किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
परवाणू में दो तस्कर गिरफ्तार, 12.32 ग्राम चिट्टा बरामद
पुलिस थाना परवाणू को गुप्त सूचना मिली कि कामली पुल, एनएच-05 के पास खड़ी एक कार में दो व्यक्ति चिट्टा बेचने की फिराक में बैठे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 12.32 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान राहुल (25) निवासी गांव कटेरा, तहसील निथर, जिला कुल्लू तथा अरुण भारती (25) निवासी गांव गंच्हवा, तहसील आनी, जिला कुल्लू के रूप में हुई। दोनों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली गई है। न्यायालय से दोनों का पांच दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ है। पुलिस उनसे पूछताछ कर नशा तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।











