सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू : 01अगस्त
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुल्लू में हिंदी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. हेम राज भारद्वाज द्वारा संपादित पुस्तक ‘हिंदी भाषा और संप्रेषण’ का शनिवार को गरिमामय वातावरण में भव्य लोकार्पण किया गया। पुस्तक का विमोचन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश राणा ने किया।
लोकार्पण समारोह में राजकीय महाविद्यालय हरिपुर की प्राचार्या डॉ. शेफ़ाली और राजकीय महाविद्यालय सैंज की प्राचार्या सुजाता राशपा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। वहीं प्रो. सोम नेगी, प्रो. राजेश कुमार, हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. रूपा ठाकुर, प्रो. गोपी, प्रो. अमन और प्रो. संगीता सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने डॉ. भारद्वाज को पुस्तक के सफल संपादन पर शुभकामनाएं दीं।
वक्ताओं ने कहा कि ‘हिंदी भाषा और संप्रेषण’ सरदार पटेल विश्वविद्यालय के हिंदी प्रथम सत्र के पाठ्यक्रम को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। यह पुस्तक विद्यार्थियों को हिंदी भाषा की सैद्धांतिक जानकारी के साथ-साथ व्यावहारिक संप्रेषण कौशल विकसित करने में भी मदद करेगी।
प्राचार्य डॉ. राकेश राणा ने कहा कि यह पुस्तक हिंदी विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए भी बेहद उपयोगी साबित होगी।
पुस्तक के संपादक डॉ. हेम राज भारद्वाज ने सभी अतिथियों, प्राचार्य, सहकर्मियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुस्तक का उद्देश्य विद्यार्थियों को हिंदी भाषा एवं संप्रेषण के विविध आयामों की सरल, व्यवस्थित और पाठ्यक्रमानुकूल जानकारी उपलब्ध कराना है।
समारोह के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्राध्यापकों ने डॉ. हेम राज भारद्वाज को पुस्तक के सफल संपादन एवं प्रकाशन के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल अकादमिक और साहित्यिक भविष्य की शुभकामनाएं दीं।













