सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, धर्मपुर (सोलन)
जिला पुलिस की एसआईयू टीम ने नशामुक्त अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10.41 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एसआईयू टीम को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर क्षेत्र में तुरंत नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान जब एक संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई, तो वाहन में सवार युवक तजिंदर सिंह के कब्जे से 10.41 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
आरोपी की पहचान तजिंदर सिंह (33) पुत्र दिलबाग सिंह, निवासी गांव शाई, डाकखाना धर्मपुर, तहसील कसौली, जिला सोलन के रूप में हुई है।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना धर्मपुर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। तफ्तीश के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 3 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि नशीले पदार्थों की इस सप्लाई चेन के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी खंगाल की जा रही है। मामले में आगामी तफ्तीश जारी है।






