सुरभि न्यूज़
करपट से मोनिका कुमारी की रिपोर्ट
लाहुल-स्पीति की मयाड़ घाटी में लगातार हो रही बारिश के बीच करपट नाले और चौखंग-नैनगार के गवाडी नाले में अचानक आई बाढ़ से जनजीवन प्रभावित हुआ है। बाढ़ के कारण करपट गांव का संपर्क मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है, जबकि चौखंग-नैनगार सड़क को भी नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय विधायक अनुराधा राणा ने बताया कि मयाड़ घाटी में हाल ही में करवाए गए बाढ़ नियंत्रण कार्यों के चलते गांवों को काफी हद तक सुरक्षित बचाया जा सका। उन्होंने कहा कि यदि ये कार्य समय पर नहीं किए गए होते तो नुकसान और अधिक हो सकता था।
विधायक ने बताया कि चौखंग-नैनगार सड़क को बहाल करने के लिए प्रयास किए गए थे, लेकिन दोबारा आई बाढ़ के कारण बहाली का काम अधूरा रह गया। अब गुरुवार को सड़क बहाली का कार्य दोबारा शुरू करवाया जाएगा।
बाढ़ की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीमें अलर्ट पर हैं। विधायक ने प्रशासन और संबंधित विभागों को बुधवार को ही प्रभावित क्षेत्रों का मौके पर निरीक्षण करने तथा तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने को भी कहा गया है।
लगातार बारिश के चलते घाटी के नालों और नदी का जलस्तर बढ़ गया है। विधायक ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे नालों और नदी किनारे जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन से संपर्क करें।
प्रशासन की ओर से भी लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है। अगले 24 घंटों के दौरान बारिश को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।












