सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, पतलीकूहल
कुल्लू जिला के बाड़ी प्राइमरी स्कूल में मंगलवार को मिड-डे मील में परोसी गई खीर खाने के बाद करीब 30 से 40 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। खीर खाने के कुछ समय बाद बच्चों को उल्टियां होने लगीं। कई बच्चों की हालत खराब होने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पतलीकूहल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि प्रभावित बच्चे जैंडी, बाड़ी, बशकोला, रंखड़ू और बाजगाड़ी सहित आसपास के गांवों के रहने वाले हैं। परिजनों के अनुसार बच्चों ने स्कूल में मिड-डे मील के दौरान खीर खाई थी। शाम करीब चार बजे छुट्टी के बाद घर पहुंचने पर कई बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। कुछ बच्चों के स्कूल के बाहर अर्धमूर्छित अवस्था में गिरने की भी सूचना है।
घटना की सूचना मिलते ही पंचायत प्रधान कमलाकांत और उपप्रधान ललित मौके पर पहुंचे तथा बच्चों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। बड़ी संख्या में बच्चों के बीमार होने की सूचना मिलने पर परिजन भी सीएचसी पतलीकूहल पहुंचे और घटना को लेकर चिंता जताई।
बच्चों का उपचार कर रहे चिकित्सक डॉ. मोहित शर्मा ने प्रारंभिक तौर पर इसे फूड पॉइजनिंग का मामला बताया है। चिकित्सकों ने दूषित पानी को भी इसकी संभावित वजह माना है। हालांकि बीमारी के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।
बीएमओ नग्गर डॉ. कर्ण ने बताया कि सीएचसी पतलीकूहल में बच्चों का उपचार जारी है और चिकित्सकों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने भी अस्पताल पहुंचकर बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात की तथा उपचार व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों से बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली।
एक साथ बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों के बीमार पड़ने से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। अभिभावकों ने प्रशासन से मिड-डे मील में इस्तेमाल खाद्य सामग्री और पानी के सैंपल लेकर जांच करवाने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।













