इग्नू बंजार में जुलाई 2026 सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू, 31 अगस्त तक होंगे आवेदन

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, बंजार : कुल्लू

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के अध्ययन केंद्र-1148 बंजार के तहत जुलाई 2026 शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 31 अगस्त 2026 तक इग्नू के आधिकारिक प्रवेश पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इग्नू अध्ययन केंद्र-1148 के सहायक समन्वयक प्रो. रामा नंद ने बताया कि इग्नू की लचीली एवं दूरस्थ शिक्षण व्यवस्था क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराती है। नौकरी या अन्य व्यस्तताओं के साथ पढ़ाई जारी रखने वाले विद्यार्थी भी इन पाठ्यक्रमों का लाभ उठा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि NAAC से A++ मान्यता प्राप्त इग्नू में स्नातक स्तर पर BA, BCom, BBA, BCA, BSW और BScG सहित विभिन्न पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। इसके अलावा MA, MCom, MBA, MCA और MSW जैसे स्नातकोत्तर कार्यक्रमों के साथ-साथ विभिन्न डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।
प्रो. रामा नंद ने कहा कि विश्वविद्यालय रोजगारपरक, कौशल आधारित एवं मूल्यवर्धित कार्यक्रमों पर विशेष जोर दे रहा है, ताकि विद्यार्थी बदलते प्रतिस्पर्धी रोजगार बाजार के अनुरूप अपने कौशल को विकसित कर सकें। विद्यार्थियों को क्षेत्रीय एवं निर्धारित अध्ययन केंद्रों के माध्यम से अध्ययन सामग्री, डिजिटल सुविधाएं और आवश्यक शिक्षार्थी सहायता भी उपलब्ध करवाई जाती है।
उन्होंने पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित तिथि से पहले प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। इच्छुक अभ्यर्थी इग्नू के आधिकारिक प्रवेश पोर्टल ignouadmission.samarth.edu.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *