पीएम मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित, चुनावी व्यवस्था दुनिया के लिए मिसाल – अखिलेश कपूर

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

प्रताप अरनोट, कुल्लू

 भाजपा हिमाचल प्रदेश के प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश कपूर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत सुरक्षित, आत्मनिर्भर और विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की चुनावी व्यवस्था की विश्वसनीयता वैश्विक स्तर पर स्थापित हो चुकी है और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतीय चुनावी मॉडल तथा मजबूत मतदाता पहचान व्यवस्था की सराहना किया जाना इसका प्रमाण है।

अखिलेश कपूर ने कहा कि ट्रंप की टिप्पणी ने कांग्रेस द्वारा चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर उठाए जा रहे सवालों को बेनकाब कर दिया है। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे पुराने लोकतंत्र की ओर से भारत की चुनाव व्यवस्था को सराहना मिलना प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है।

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि अफवाह और भ्रम फैलाना कांग्रेस के राजनीतिक चरित्र का हिस्सा बन चुका है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में वैक्सीन को लेकर भ्रम फैलाने से लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर सवाल उठाने तक कांग्रेस लगातार नकारात्मक राजनीति करती रही है।

उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर युद्ध और गंभीर ऊर्जा संकट के बावजूद भारत में पेट्रोल-डीजल समेत आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुचारू बनी हुई है। प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों के कारण देश की अर्थव्यवस्था और आपूर्ति व्यवस्था मजबूती से आगे बढ़ रही है। इसके बावजूद कांग्रेस जनता के बीच भय और भ्रम का माहौल पैदा करने का प्रयास कर रही है।

कपूर ने कहा कि लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री मोदी द्वारा ‘दिमागी नक्सल’ मानसिकता के प्रति देश को सतर्क रहने का आह्वान उन ताकतों के खिलाफ चेतावनी है, जो लोकतांत्रिक संस्थाओं और राष्ट्रीय एकता को कमजोर करना चाहती हैं।

उन्होंने कहा कि भारत आज ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘Reform, Perform, Transform के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। कांग्रेस को देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाने के बजाय भारत की उपलब्धियों पर गर्व करना चाहिए और सकारात्मक राजनीति की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *