सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू : 19 अगस्त
हिमाचल प्रदेश की अग्रणी सांस्कृतिक संस्था सूत्रधार कला संगम अपने स्वर्ण जयंती वर्ष के तहत 19वें सूत्रधार मल्हार उत्सव का भव्य आयोजन करने जा रही है। उत्सव का आयोजन 22 अगस्त 2026 को शाम 7 बजे अटल सदन कुल्लू में किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर संस्था के कलाकारों की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
संस्था के प्रचार-प्रसार प्रभारी सुंदर श्याम महंत ने बताया कि पं. विद्या सागर एवं निशांत गौतम के निर्देशन में सूत्रधार संगीत अकादमी के कलाकार उपशास्त्रीय, सुगम एवं लोक संगीत के साथ-साथ शास्त्रीय नृत्य पर आधारित मल्हार की मनमोहक प्रस्तुतियां देंगे।
उत्सव में संस्था के वरिष्ठ कलाकार लाल सिंह ठाकुर, जीवन बुडाल, राकेश शर्मा, संजय पुजारी और विजय सहित ट्विंकल, अर्पिता, करिश्मा, धनवंती, अनुष्का, वंशिका, दुर्गा और ईशा अपने गायन से समां बांधेंगे। वहीं रेखा, मोहिनी, तारा, कनिका, दिव्यांगना और कादंबिनी मल्हार थीम पर आधारित सेमी-क्लासिकल नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देंगी।
संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन ने बताया कि सूत्रधार कला संगम इस वर्ष अपने स्वर्ण जयंती वर्ष में प्रवेश कर चुका है। ऐसे में 19वां सूत्रधार मल्हार उत्सव संस्था के लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ सदस्य सुंदर श्याम महंत मल्हार पर आधारित शायरी से सुसज्जित मंच संचालन करेंगे, जिससे कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य कला, संस्कृति और समाज सेवा की भावना को आगे बढ़ाना है। साथ ही युवा पीढ़ी को कला एवं संस्कृति से जोड़कर उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए सकारात्मक और रचनात्मक मंच उपलब्ध करवाना संस्था की प्राथमिकता है।
दिनेश सेन ने बताया कि उत्सव में राज्य महिला आयोग हिमाचल प्रदेश की अध्यक्षा विद्या नेगी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। इसके अतिरिक्त ख्यातिप्राप्त अंतरराष्ट्रीय कलाकार कविता शोभू, डॉ. सुधीर शर्मा और पंकज राठी सहित अन्य कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
मल्हार उत्सव में पारंपरिक एवं सदाबहार मल्हार गीतों के साथ सुगम संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां भी देखने को मिलेंगी। संस्था अध्यक्ष ने आमजन, कला प्रेमियों तथा संगीत-नृत्य के श्रोताओं से परिवार सहित कार्यक्रम में पहुंचकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि अटल सदन में आयोजित यह कार्यक्रम सभी के लिए पूर्णतया निःशुल्क रहेगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संस्था के उपाध्यक्ष कंवर वीरेंद्र सिंह को कार्यक्रम प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ महासचिव अतुल गुप्ता, वित्त सचिव जोगेंद्र ठाकुर, भंडार प्रभारी तिलक राज चौधरी सहित पूरी कार्यकारिणी आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाएं संभालेगी।
वर्षा ऋतु की संगीतात्मक अनुभूति को समर्पित यह मल्हार उत्सव कुल्लू की सांस्कृतिक धरती पर संगीत, नृत्य और लोक परंपराओं का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा।













