सुरभि न्यूज़
ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट : 19 अगस्त
छोटाभंगाल और चौहार घाटी में पिछले चार दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश ने एक बार फिर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बुधवार सुबह करीब आठ बजे हुई भारी बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन हुआ। इससे वन संपदा को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ चौहार और छोटाभंगाल घाटी को जोड़ने वाला बरोट-घटासनी मुख्य सड़क मार्ग भी गुराहला के पास भूस्खलन के कारण यातायात के लिए बाधित हो गया।
गुराहला में भारी मलबा सड़क पर आ जाने से ल्हासे के दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वहीं, छोटाभंगाल घाटी के बड़ा ग्रां में रात्रि ठहराव करने वाली एक निजी बस समेत दर्जनों छोटे वाहन भी फंस गए। सड़क बंद रहने के कारण यात्रियों को आवाजाही में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते गुराहला में बार-बार भूस्खलन की स्थिति को देखते हुए लोक निर्माण विभाग के उपमंडल झटिंगरी ने यहां जेसीबी मशीन को दिन-रात तैनात कर रखा है। विभागीय मशीनरी ने बुधवार को भी मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी रखा और पहले छोटे वाहनों के लिए मार्ग खोला गया। इसके बाद करीब 11 बजे बड़े वाहनों के लिए भी सड़क को बहाल कर दिया गया।
लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता पूर्ण चंद ने बताया कि बारिश के कारण गुराहला के ऊपर की पहाड़ी पिछले वर्ष की तरह इस बार भी दलदल में तब्दील हो गई है। इसके चलते पहाड़ी से बार-बार भारी मलबा सड़क पर गिर रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क को सुचारू रखने के लिए जेसीबी मशीन को इसी स्थान पर लगातार तैनात किया गया है।
उन्होंने बताया कि बुधवार को मौसम थमने के बाद मलबा हटाकर सड़क मार्ग को करीब 11 बजे पूरी तरह यातायात के लिए बहाल कर दिया गया। हालांकि, क्षेत्र में बारिश का दौर दोबारा शुरू होने पर गुराहला में फिर से भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।













