उदयपुर के मयाड़ क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य जारी, जलस्तर घटने से हालात में सुधार

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, केलांग : 19 अगस्त

लाहौल-स्पीति के मयाड़ क्षेत्र के करपट गांव में हाल ही में आई बाढ़ के बाद राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी हैं। उपमंडल अधिकारी नागरिक कुनिका एकर्स ने बताया कि नाले का जलस्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है, जिससे क्षेत्र की स्थिति में सुधार हो रहा है। प्रशासन प्रभावित ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए खाद्य सामग्री, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवा रहा है।

उन्होंने बताया कि करपट गांव में कुल 95 लोग मौजूद थे। इनमें 7 नेपाली नागरिकों सहित 92 लोग बाढ़ की घटना से पहले ही घर खाली कर राहत शिविर में सुरक्षित पहुंच चुके थे। गांव में तीन लोग फंसे थे, जिनमें दो चरवाहे और एक स्थानीय महिला शामिल थी। स्थानीय महिला को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है, जबकि दोनों चरवाहों को पशुधन चराने से लौटने के बाद शाम के समय झूला के माध्यम से सुरक्षित निकालने की व्यवस्था की गई है।

राहत शिविर में प्रभावित लोगों के लिए भोजन और ठहरने की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। नायब तहसीलदार विनय रशपा एवं राजस्व विभाग की टीम ने बुधवार सुबह शिविर के लिए 120 किलो चावल, 80 किलो आटा, 10 किलो दाल, 2 लीटर खाद्य तेल, 2 किलो हल्दी, 2 किलो नमक, 5 किलो प्याज और 4 किलो टमाटर उपलब्ध करवाए। करपट में फंसे दोनों चरवाहों के लिए झूला के माध्यम से भोजन भी भेजा गया है।
करपट पुल पानी में डूबा, झूले की मरम्मत जारी
एसडीएम ने बताया कि करपट पुल अभी भी पानी में डूबा हुआ है, हालांकि जलस्तर में लगातार कमी आ रही है। झूला कुछ ढीला हुआ है और इसकी मरम्मत का कार्य जारी है। इसके आज शाम तक ठीक होने की उम्मीद है। इसके बाद ग्रामीणों को गांव और खेतों के बीच आवागमन में सुविधा मिलेगी।

ग्रामीणों की मांग पर आवश्यक स्थानीय दवाइयां भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं। पटवारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार करपट में पांच मकानों के संबंध में अभी तक किसी प्रकार की क्षति की सूचना नहीं मिली है।
मयाड़ मुख्य सड़क 22.600 किलोमीटर तक खुली
मयाड़ मुख्य सड़क वर्तमान में 22.600 किलोमीटर तक यातायात के लिए खुली है। उडगोस नाला पुल की मरम्मत पूरी कर ली गई है, लेकिन इसे पूरी तरह यातायात के लिए खोलने से पहले आवश्यक सेटिंग के लिए कुछ समय दिया जा रहा है। प्रशासन को उम्मीद है कि अगले दो दिनों में पुल को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।

धुंधल नाला में झूला सुचारू है और सड़क मार्ग से वाहनों की आवाजाही भी जारी है। हालांकि, नाले में जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सुरक्षा के मद्देनजर सड़क को बंद कर दिया जाता है।

क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी फिलहाल अस्थिर बनी हुई है। जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *