सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट
चौहार घाटी के एक छोर में स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थल्टूखोड़ में बुधवार को भारत सरकार के एंटी चिट्टा अभियान के तहत जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में थल्टूखोड़ क्षेत्र के करीब 100 महिला-पुरुषों ने भाग लिया।
शिविर का आयोजन द्रंग स्थित वेलफेयर ऑफिसर टेक चंद ठाकुर की अगुवाई में तथा धमच्याण पंचायत के प्रधान नरेश कुमार की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान वेलफेयर ऑफिसर टेक चंद ठाकुर ने उपस्थित लोगों को चिट्टा सहित अन्य जानलेवा नशों के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए इनसे हमेशा दूर रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में दूरदराज के क्षेत्रों में नशा माफिया सक्रिय हो रहे हैं और भोले-भाले लोगों को कुछ पैसों का लालच देकर नशे के कारोबार और सेवन के दलदल में धकेलने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रवृत्ति युवाओं और समाज के भविष्य के लिए बेहद घातक साबित हो सकती है। ऐसे में सभी को सतर्क रहते हुए नशे के खिलाफ एकजुट होकर अभियान चलाने की आवश्यकता है।
वेलफेयर ऑफिसर टेक चंद ठाकुर, पंचायत प्रधान नरेश कुमार तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य तिलक राज ने भी उपस्थित ग्रामीणों और विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के नशों से दूर रहने तथा नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर वेलफेयर ऑफिस के कर्मचारी खूब चंद, विद्यालय का स्टाफ, स्कूली बच्चे तथा स्थानीय आशा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।











