चोखंग-नैनगाहर सड़क बहाली का कार्य तेजी से जारी, तहसीलदार ने लिया नुकसान का जायजा

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

प्रताप अरनोट, केलांग : 19 अगस्त

 लाहौल-स्पीति जिले के चोखंग-नैनगाहर मार्ग पर लगातार हो रही बारिश के कारण प्रभावित सड़क की बहाली का कार्य तेजी से जारी है। लोक निर्माण विभाग के अनुसार चोखंग से नैनगाहर की ओर करीब तीन किलोमीटर आगे 12 किलोमीटर से 12.800 किलोमीटर के बीच सड़क प्रभावित हुई है।

उपमंडल अधिकारी नागरिक कुनिका एकर्स ने बताया कि सड़क की स्थिति का जायजा लेने के लिए राजस्व विभाग की टीम ने तहसीलदार केलांग विकास कुमार के नेतृत्व में मौके का दौरा किया। टीम ने प्रभावित सड़क का निरीक्षण कर बारिश से हुए नुकसान का मौके पर आकलन किया। इसके साथ ही क्षेत्र में बारिश के कारण प्रभावित फसलों का भी जायजा लेकर नुकसान का आकलन किया गया।

तहसीलदार ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों एवं बहाली कार्य में जुटी टीम से सड़क की स्थिति और कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने आवश्यक मरम्मत एवं पुनर्स्थापन कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

लोक निर्माण विभाग की टीम सड़क को यातायात के लिए बहाल करने में जुटी हुई है। प्रभावित हिस्से में सड़क की मरम्मत और आवश्यक पुनर्स्थापन कार्य लगातार किया जा रहा है। मौसम और परिस्थितियां अनुकूल रहने पर मार्ग को गुरुवार शाम तक यातायात के लिए बहाल किए जाने की संभावना है।

प्रशासन ने बताया कि क्षेत्र में बारिश का दौर जारी रहने के कारण बहाली कार्य में चुनौतियां बनी हुई हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं तथा सड़क एवं फसल नुकसान का आवश्यक आकलन किया जा रहा है।

प्रशासन ने स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क बहाल होने तक प्रभावित हिस्से में अनावश्यक आवाजाही से बचें और प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *