मंडी कुल्लू एनएच के हणोगी टनल में दो ट्रकों की भीषण टक्कर, 3 की मौत, 8 घायल

Listen to this article

सुरभि न्यूज़
मंडी : 20 अगस्त

चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर हणोगी टनल में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। टनल नंबर-12 में दो ट्रकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब पौने आठ बजे हुआ। दोनों ट्रकों में आमने-सामने की टक्कर हुई, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही औट पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए सीएचसी नगवाईं पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक और क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर किया गया है।

हादसे के कारण चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस और संबंधित विभाग की टीमें दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने तथा यातायात व्यवस्था सुचारू करने में जुटी हैं।
हादसे के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अलग-अलग रिपोर्टों में मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर अंतर सामने आया है, इसलिए आधिकारिक आंकड़े की पुष्टि के बाद ही अंतिम संख्या स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *