सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू
कुल्लू मुख्यालय के बस स्टैंड के समीप बदबू और गंदगी की शिकायतों पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफाई अभियान चलाया। स्थानीय लोगों की शिकायतों और प्रतिनिधिमंडल मिलने के बाद एसडीएम कुल्लू जयवंती ठाकुर के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करवाया।
सहायक आयुक्त जयवन्ति ठाकुर ने नगर परिषद कुल्लू के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और कनिष्ठ अभियंता के साथ संबंधित स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। इसके बाद तत्काल सफाई कार्य शुरू करवाया गया। प्रशासन के अनुसार, बुधवार तक क्षेत्र से करीब 99 प्रतिशत कचरा हटा दिया गया था, जबकि शेष कचरे को भी गुरुवार सुबह पूरी तरह साफ कर दिया गया।
प्रशासन ने भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए नगर परिषद के साथ नियमित बैठकें कर सफाई व्यवस्था की निगरानी करने का निर्णय लिया है। साथ ही गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण पर विशेष जोर दिया जाएगा। कचरा निपटान से संबंधित मशीनों और संयंत्रों को भी पूरी तरह संचालित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
एसडीएम जयवंती ठाकुर ने नगरवासियों से स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सामूहिक जिम्मेदारी है। लोगों को अपने घरों से ही गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करके देना चाहिए, ताकि कचरे का उचित निपटान सुनिश्चित किया जा सके और कुल्लू शहर को स्वच्छ रखा जा सके।











