कर्तव्य पथ पर खिले प्रीत के फूल : पांगी घाटी में परिणय सूत्र में बंधे उपमंडलाधिकारी अमनदीप और खंड विकास अधिकारी आस्था

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, पांगी (चंबा)

बर्फ से ढकी ऊंची चोटियों, विषम परिस्थितियों और दुर्गम रास्तों के लिए पहचानी जाने वाली पांगी घाटी इस बार एक खूबसूरत प्रेम गाथा की साक्षी बनी है। क्षेत्र में प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे आवासीय आयुक्त एवं उपमंडलाधिकारी अमनदीप सिंह और खंड विकास अधिकारी आस्था पवार 18 अगस्त को परिणय सूत्र में बंध गए हैं।

​कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले पांगी क्षेत्र को अपनी कर्मभूमि बनाने वाले इन दोनों युवा अधिकारियों ने सादगी और भारतीय परंपराओं के साथ सात फेरे लिए।

शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले  उपमंडलाधिकारी अमनदीप सिंह और सोलन जिले की रहने वाली खंड विकास अधिकारी आस्था पवार की पहली मुलाकात पांगी में तैनाती के दौरान हुई थी। घाटी में प्रशासनिक कार्यों और जनसेवा के दौरान दोनों अधिकारियों के बीच घनिष्टता बढ़ी, जो धीरे-धीरे अटूट प्रेम में बदल गई। दोनों के परिजनों की सहमति के बाद इस रिश्ते को विवाह का नाम दिया गया।

दुर्गम क्षेत्र में पूरी निष्ठा से सेवाएं दे रहे अधिकारियों के इस मिलन से स्थानीय घाटी निवासियों में बेहद उत्साह और खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि यह विवाह महज दो प्रशासनिक अधिकारियों का मिलन नहीं, बल्कि कर्तव्य और समर्पण का एक अनूठा संगम है।

स्थानीय नागरिकों ने नवदंपत्ति को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई है कि जीवन के इस नए सफर की शुरुआत के साथ ही दोनों अधिकारी पूर्व की भांति पूरी निष्ठा, ऊर्जा और समर्पण के साथ पांगी के विकास और जन-कल्याण के कार्यों को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *