सुरभि न्यूज़
बरोट (ख़ुशी राम ठाकुर)
देश और प्रदेश को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने के लिए चलाई जा रही मुहिम के तहत चौहार घाटी की ग्राम पंचायत लटराण के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गाहंग में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का आयोजन किया गया। एक दिवसीय इस जागरूकता शिविर की अध्यक्षता स्थानीय स्कूल की प्रधानाचार्य मीना ठाकुर ने की। शिविर में स्कूल के छात्र-छात्राओं सहित पंचायत के लगभग 150 ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्रधानाचार्य मीना ठाकुर ने कहा कि नशा करना जीवन का सही रास्ता नहीं है। युवाओं को नेक नीयत के साथ आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने का लक्ष्य रखना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों का आह्वान किया कि वे बच्चों को हर तरह के नशे से दूर रखें और स्वयं भी नशे का त्याग करें। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य ने सभी उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने की शपथ भी दिलाई।
तहसील कल्याण अधिकारी पद्धर टेक चंद ने शिविर में उपस्थित लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया और सरकार द्वारा नशा मुक्ति के लिए चलाए जा रहे अभियानों व योजनाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
लटराण पंचायत प्रधान जोगिन्द्र पाल ने गाहंग स्कूल में इस शिविर के आयोजन के लिए संबंधित विभाग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नशा तेजी से युवाओं को अपनी चपेट में ले रहा है, जिससे उनका बल, बुद्धि और शरीर पूरी तरह नष्ट हो जाता है। यह बेहद चिंता का विषय है और नशे को जड़ से खत्म करने के लिए हम सभी को एकजुट होकर प्रयास करने होंगे। इस शिविर के माध्यम से ग्रामीण और युवाओं को एकजुट होकर नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने की प्रेरणा दी गई।











