एसजेवीएन को राजभाषा नीति के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए राजभाषा शील्ड तृतीय पुरस्कार से किया सम्मानित 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, शिमला : 2 सितंबर।

एसजेवीएन को वर्ष 2025-26 के दौरान राजभाषा नीति के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए विद्युत मंत्रालय की ओर से राजभाषा शील्ड तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली में आयोजित विद्युत मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति की बैठक के दौरान केंद्रीय विद्युत एवं आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने यह पुरस्कार एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेन्द्र गुप्ता को प्रदान किया।

कार्यक्रम में केंद्रीय विद्युत राज्य मंत्री श्रीपद येसो नाइक, राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा, लोकसभा सांसद सुरेश कुमार कश्यप, भारत सरकार के विद्युत सचिव पंकज अग्रवाल सहित विद्युत मंत्रालय और उसके अधीनस्थ उपक्रमों, संस्थानों एवं निगमों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेन्द्र गुप्ता ने कहा कि यह पुरस्कार निगम की विभिन्न परियोजनाओं और कार्यालयों में राजभाषा नीति के प्रभावी एवं उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि एसजेवीएन में राजभाषा हिंदी को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यह सम्मान अधिकारियों और कर्मचारियों की राजभाषा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

विद्युत मंत्रालय द्वारा स्थापित इस पुरस्कार का उद्देश्य मंत्रालय के नियंत्रणाधीन उपक्रमों, संस्थानों एवं निगमों द्वारा हिंदी के प्रयोग और प्रसार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को प्रोत्साहित करना है। पुरस्कार के लिए प्राप्त प्रविष्टियों का मूल्यांकन राजभाषा नीति के कार्यान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *