राष्ट्रीय खेल दिवस पर ढालपुर में दिखा खेल प्रतिभाओं का जोश, 250 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ | प्रताप अरनोट, कुल्लू | 02 सितंबर।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बुधवार को ढालपुर खेल परिसर में खेल प्रतिभाओं ने अपने हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग, जिला कुल्लू की ओर से आयोजित कार्यक्रम में हॉकी, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, बॉक्सिंग और बैडमिंटन की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें करीब 250 खिलाड़ियों एवं खेल प्रशिक्षकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस. ने हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन, मेहनत और स्वस्थ जीवनशैली को अपने जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास होता है।

जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी कविता ठाकुर ने प्रतियोगिताओं के परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि टेबल टेनिस के गर्ल्स अंडर-11 वर्ग में युबिता ने स्वर्ण पदक हासिल किया। बॉयज अंडर-11 में हेयांश, जबकि अंडर-19 में धनंजय विजेता रहे। विमेंस सिंगल्स में दीक्षा और मेंस सिंगल्स में सिद्धार्थ ने स्वर्ण पदक जीता।

बैडमिंटन के अंडर-15 गर्ल्स वर्ग में शाव्या धीमान और बॉयज वर्ग में अर्श ठाकुर विजेता रहे। अंडर-19 गर्ल्स वर्ग में सृष्टि ठाकुर ने विजेता का खिताब अपने नाम किया।

बास्केटबॉल के अंडर-19 बॉयज एवं गर्ल्स दोनों वर्गों में एकेडमी-ए कुल्लू विजेता रहा, जबकि कुल्लू कॉलेज ने रनर-अप का स्थान हासिल किया। वॉलीबॉल में खेलो इंडिया सेंटर सीनियर विजेता तथा खेलो इंडिया सेंटर जूनियर रनर-अप रहा।

हॉकी के गर्ल्स वर्ग में ‘गर्ल्स इन ब्लैक’ तथा बॉयज वर्ग में ‘सीनियर-7’ विजेता रहे। वहीं, बॉक्सिंग के विभिन्न भार वर्गों में तन्मय, वीरेंद्र, अनमोल, देव राम, सुन्यांश और उज्जवल ने विजेता का खिताब हासिल किया।

कविता ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना और जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध करवाना है। विभाग भविष्य में भी इस तरह की खेल गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए प्रयासरत रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *