कुल्लू के जरड़ में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 7,200 बीयर बोतल/कैन बरामद

Listen to this article

सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 3 सितंबर।

कुल्लू-मनाली फोरलेन पर जरड़ के समीप आबकारी विभाग की टीम ने नियमित चैकिंग के दौरान एक ट्रक से 500 पेटियां में 7,200 बीयर बोतल/कैन बरामद की हैं। बीयर की पैकिंग पर “For Sale in Punjab” अंकित पाया गया है। मामले में ट्रक चालक के विरुद्ध पुलिस थाना भुंतर में अभियोग दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग की टीम ने 3 सितंबर को जरड़ में नियमित जांच के दौरान मनाली की ओर जा रहे एक ट्रक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में बीयर की पेटियां मिलीं। जांच में कुल 500 पेटियों में 7,200 बीयर बोतल/कैन पाए गए। बरामद बीयर में Tuborg Strong, Budweiser Magnum और Kingfisher Strong ब्रांड शामिल हैं।

विभागीय टीम ने ट्रक चालक से बीयर के परिवहन से संबंधित वैध पास एवं परमिट प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन चालक मौके पर कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। चालक की पहचान 49 वर्षीय निवासी जबली, डाकघर चकमोह, तहसील बड़सर, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है।

आबकारी विभाग की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना भुंतर में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, 2011 की धारा 39(1)(a) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस एवं आबकारी विभाग ने बरामद बीयर तथा संबंधित ट्रक को कब्जे में ले लिया है। मामले की आगामी जांच जारी है और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *