विद्युत उपमंडल बरोट में 7, 9 और 11 सितंबर को बाधित रहेगी बिजली आपुर्ती : झटिंगरी-थल्टूखोड़ फीडर के रख-रखाव के लिए लिया जाएगा कट

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट

विद्युत उपमंडल बरोट के अंतर्गत आने वाले विभिन्न क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए आवश्यक सूचना है। 11 केवी झटिंगरी – थल्टूखोड़ फीडर के पास तथा नीचे आने वाले पेड़ों की शाखाओं की कटाई एवं छंटाई का कार्य 7, 9 और 11 सितंबर को किया जाएगा। इस रख-रखाव कार्य के चलते संबंधित पंचायतों के कई गाँवों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

विद्युत उपमंडल बरोट के सहायक अभियंता राहुल ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्य के कारण ग्राम पंचायत धमच्याण, लटराण, जिल्हण और तरस्वाण के अंतर्गत आने वाले प्रमुख गाँवों—जैसे गढ़ गाँव, धार, समालंग, तरस्वाण तथा मैठी वजगाण आदि क्षेत्रों में सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से बंद रहेगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित तिथियों पर मौसम खराब रहता है या बारिश होती है, तो यह कार्य अगले दिन जारी रखा जाएगा और उसी अनुसार कट लगाया जाएगा।

डीजी सेट मालिकों और टेलीकॉम कंपनियों को निर्देश

सहायक अभियंता ने विशेष रूप से जियो, एयरटेल, वोडाफोन, बीएसएनएल के मोबाइल टावर ऑपरेटरों तथा अन्य निजी डीजी सेट (जनरेटर) मालिकों को सख्त हिदायत दी है। उन्होंने सुनिश्चित करने को कहा है कि बिजली कट के दौरान जनरेटर की सप्लाई रिवर्स होकर मुख्य विद्युत लाइन में न आए, जिससे लाइन पर काम कर रहे कर्मचारियों की सुरक्षा बनी रहे।

विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए इस आवश्यक रख-रखाव कार्य में पूर्ण सहयोग की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *