चौहार घाटी के पशाकोट बरोट में 19 वर्ष से कम आयु वर्ग की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज़

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट : चौहार घाटी 

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पशाकोट बरोट में पद्धर जोन की 19 वर्ष से कम आयु वर्ग की छात्राओं की चार दिवसीय खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारम्भ 5 सितम्बर को धूमधाम से हुआ। कार्यक्रम का आगाज़ पद्धर ब्लॉक बीडीसी अध्यक्षा सुनीता देवी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

स्कूल परिसर में पहुँचने पर मुख्य अतिथि का स्कूल स्टाफ, स्कूल प्रबंधन कमेटी और विद्यार्थियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान छात्राओं ने देशभक्ति गीत और पहाड़ी नाटी की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। पाठशाला के प्रधानाचार्य थमन सिंह ठाकुर ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह, बैज और शॉल भेंट कर सम्मानित किया।

प्रधानाचार्य ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन 18 विभिन्न स्कूलों की लगभग 300 छात्राओं ने भाग लिया। मार्च पास्ट स्पर्धा में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पशाकोट बरोट ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चुक्कू की छात्राएं दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। विजेता टीमों को मुख्य अतिथि द्वारा ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। बाद में 4 अन्य टीमों के पहुँचने से अब प्रतियोगिता में 22 स्कूलों की करीब 550 छात्राएं भाग ले रही हैं।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सुनीता देवी ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई दी और छात्राओं को खेल भावना से खेलने तथा हार से न घबराकर आगे बढ़ने की सीख दी। उन्होंने प्रधानाचार्य द्वारा रखी गई स्कूल की समस्याओं को हल करने का आश्वासन दिया और सफल आयोजन के लिए अपनी ओर से 5100 रुपये की नकद राशि प्रदान की।

प्रतियोगिता के दौरान वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन और चेस के मुकाबले खेले जा रहे हैं। इसके साथ ही 6 और 7 सितम्बर की शाम को लोकल नाटी, समूह गान, नाटक, शास्त्रीय संगीत व भाषण प्रतियोगिताएं होंगी।

  • 6 सितम्बर (सांस्कृतिक संध्या): पूर्व सूबेदार रामदेव मुख्य अतिथि रहेंगे।

  • 7 सितम्बर (सांस्कृतिक संध्या): बरोट पंचायत के उपप्रधान राजकुमार मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।

  • 8 सितम्बर (समापन समारोह): मंडी जिले के उपायुक्त अपूर्व देवगण बतौर मुख्य अतिथि शामिल होकर विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत करेंगे।

इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन कमेटी की अध्यक्षा वंदना देवी, उपप्रधान राजकुमार, पूर्व उपप्रधान श्याम सिंह, देश राज, हरी सिंह, काहन सिंह, मंगत राम, बुद्धि सिंह, गुलाब सिंह, पूर्व सूबेदार बलवीर ठाकुर, रामदेव, दुर्गादास, रामकली देवी, सुभद्रा देवी, विमला देवी और प्रेमी देवी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *