सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, हनोगी : मंडी
कीरतपुर-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर डयोड–हणोगी तथा हणोगी से दवाड़ा तक नवनिर्मित टनलों से वाहनों की आवाजाही शुरू होने पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि टनलों के संचालन से मंडी और कुल्लू-मनाली के बीच सफर पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक होगा।
जयराम ठाकुर ने पंडोह में एनएचएआई के अधिकारियों के साथ बैठक कर फोरलेन और राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित कार्यों का फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक टनलों से यातायात शुरू होने से क्षेत्रवासियों के साथ-साथ मंडी और कुल्लू-मनाली आने वाले पर्यटकों को भी बड़ी राहत मिलेगी। इससे यात्रा के समय में कमी आएगी और लंबे समय से बनी रहने वाली जाम की समस्या से भी काफी हद तक निजात मिलेगी।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरे से पहले टनलों से यातायात बहाल होना पर्यटन कारोबार के लिए भी महत्वपूर्ण है। मंडी-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग हिमाचल प्रदेश के पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। टनलों के संचालन से लोगों को कठिन और जोखिमपूर्ण रास्तों से राहत मिलेगी तथा आवागमन सुचारु होगा।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले हिमाचल प्रदेश में सड़क और सुरंग जैसी परियोजनाएं विकास की गति को तेज करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। बेहतर कनेक्टिविटी से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय कारोबार को भी लाभ पहुंचेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश में सड़क और सुरंगों का मजबूत नेटवर्क तैयार हो रहा है, जिससे प्रदेश की आर्थिकी, पर्यटन और जनजीवन को नई गति मिल रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बरसात के कारण क्षतिग्रस्त हुए अन्य स्थानों को भी जल्द दुरुस्त किया जाएगा, ताकि बार-बार यातायात बाधित होने की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।
जयराम ठाकुर ने एनएचएआई अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी और कुल्लू जिलों में राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ी समस्याओं का स्थानीय विधायकों और प्रशासनिक अधिकारियों से समन्वय कर समाधान किया जाए। उन्होंने औट से बंजार होकर रामपुर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग की जल्द मरम्मत करवाने के भी निर्देश दिए।
इस दौरान द्रंग के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर भी मौजूद रहे। इसके बाद जयराम ठाकुर ने नगवाईं और झीड़ी में स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों ने फोरलेन निर्माण से जुड़ी विभिन्न समस्याएं उनके समक्ष रखीं।











