सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट : 7 सितम्बर
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरोट की हिंदी प्रवक्ता निशा ठाकुर को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए रोटरी क्लब छोटी काशी की ओर से नेशन बिल्डर अवार्ड से सम्मानित किया गया। रोटरी क्लब छोटी काशी के प्रधान अखिलेश भारती, चार्टर प्रेसिडेंट मुनीश सूद और पूर्व प्रधान प्रोफेसर अनुपमा सिंह ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद निशा ठाकुर ने यह अवार्ड अपने विद्यार्थियों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि आज उन्हें जो सम्मान मिला है, उसमें उनके विद्यार्थियों की सबसे बड़ी भूमिका है। उन्होंने अपने सभी गुरुजनों, प्रधानाचार्यों और शिक्षकों का भी आभार जताया, जिन्होंने उन्हें बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपने पति डॉ. दीपक ठाकुर सहित उन सभी लोगों का धन्यवाद किया, जो उनकी इस यात्रा में प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से साथ रहे हैं।
निशा ठाकुर वर्ष 2014 से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पशाकोट बरोट में हिंदी प्रवक्ता के पद पर सेवाएं दे रही हैं। वह मंडी जिला के बड़सू गांव की निवासी हैं। कोरोना काल के दौरान उन्होंने हिमाचल में यूट्यूब चैनल के माध्यम से बच्चों को हिंदी भाषा की ऑनलाइन पढ़ाई शुरू की थी। उनकी इस पहल से उनके विद्यालय के अलावा अन्य स्कूलों के विद्यार्थी भी लाभान्वित हुए।
तत्कालीन शिक्षा मंत्री ने भी उनके इस प्रयास की सराहना की थी।
निशा ठाकुर शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय हैं। वह बच्चों को नशे से दूर रखने और युवाओं को जागरूक करने के लिए स्कूल तथा पंचायत के सहयोग से जागरूकता अभियान चलाती रही हैं। आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद छात्राओं को अपनी ओर से फीस, कपड़े तथा शिक्षण सामग्री उपलब्ध करवाने के साथ उन्हें स्कूल से जोड़ने के लिए भी लगातार प्रयास करती हैं।
उन्होंने बताया कि कुछ माह पूर्व उन्हें रास्ते में एक ऐसी बच्ची मिली, जिसने पारिवारिक परिस्थितियों के चलते करीब तीन वर्ष पहले छठी कक्षा में पढ़ाई छोड़ दी थी। बच्ची की स्थिति को देखते हुए उन्होंने उसे दोबारा शिक्षा दिलाने का निर्णय लिया और हर संभव सहायता कर उसे विद्यालय पहुंचाया। अब गरीब परिवार से संबंधित रीता देवी नियमित रूप से शिक्षा ग्रहण कर रही है।
निशा ठाकुर को शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान के लिए कई संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। इनमें वर्ष 2020 में हिमाचल एकता मंच, वर्ष 2021 में नवोदय क्रांति परिवार भारत, स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम सम्मान, 8 मार्च 2022 को नारी शक्ति पुरस्कार, वर्ष 2023 में सेवा आश्रय एवं बेटियां फाउंडेशन, वर्ष 2025 में विश्व संवाद केंद्र शिमला, 8 मार्च 2026 को शांति देवी फाउंडेशन का नारी शक्ति पुरस्कार, 10 अप्रैल 2026 को हिमालयन श्री अवार्ड, 15 अप्रैल 2026 को भीमाकाली संस्थान मंडी तथा 16 मार्च 2026 को शिमला के गेयटी थिएटर में हिमाचल अचीवर्स अवार्ड शामिल हैं।












