सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 7 सितंबर
जिला रेडक्रॉस सोसाइटी और जिला दिव्यांगता पुनर्वास केंद्र कुल्लू की ओर से जिले की विभिन्न पंचायतों में दिव्यांगजनों के लिए विशेष दिव्यांगता पुनर्वास मूल्यांकन शिविर आयोजित किए जाएंगे। सहायक आयुक्त एवं नोडल अधिकारी डॉ. जयबंती ठाकुर ने बताया कि शिविरों का आयोजन 10 से 25 सितंबर तक किया जाएगा।
शिविरों की शुरुआत 10 सितंबर को ग्राम पंचायत टील के पंचायत घर से होगी। इसके बाद 11 सितंबर को थाटीबीड और गोपालपुर पंचायतों के लिए पंचायत घर थाटीबीड में शिविर लगाया जाएगा। 24 सितंबर को धाउगी, दुशाहड़, कनोंण, बनोगी, रैला-1, रैला-2 और देवगढ़ गोही पंचायतों के लिए सामुदायिक हाल सैंज में तथा 25 सितंबर को तुंग मशियर पंचायत के लिए पंचायत घर तुंग में शिविर आयोजित होगा। सभी शिविर सुबह 10 बजे शुरू होंगे।
शिविरों में पीएंडटी टेक्नीशियन, स्पीच एंड हियरिंग टेक्नीशियन, विशेष शिक्षक, एमआरडब्ल्यू और मोबिलिटी इंस्ट्रक्टर सहित विशेषज्ञों की टीम मौजूद रहेगी। टीम दिव्यांगजनों की पुनर्वास जरूरतों का आकलन करेगी और उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सहायता प्रदान करेगी।
जिन दिव्यांगजनों के अभी तक दिव्यांगता प्रमाण पत्र या यूडीआईडी कार्ड नहीं बने हैं, उन्हें इन दस्तावेजों को बनवाने में भी सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही विकासात्मक देरी वाले बच्चों तथा 60 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे वरिष्ठ नागरिकों, जिन्हें चलने-फिरने या सुनने में परेशानी है, की पहचान कर उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया में सहायता की जाएगी।
शिविरों के दौरान दिव्यांगता की शीघ्र पहचान और बचाव को लेकर जागरूकता सत्र भी आयोजित होंगे। डॉ. जयबंती ठाकुर ने पात्र लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।











