सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू : 7 सितंबर।
जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक सोमवार को बहुउद्देश्यीय भवन के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडी लोकसभा क्षेत्र की सांसद एवं दिशा समिति की अध्यक्ष कंगना रणौत ने की। बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई।
सांसद कंगना रणौत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य केवल लक्ष्य हासिल करना नहीं, बल्कि उनका वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना और उसका असर धरातल पर दिखाई देना होना चाहिए।
उन्होंने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए। साथ ही सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को जल्द पूरा करने को कहा।
कृषि-बागवानी और स्वरोजगार पर जोर
कंगना रणौत ने कुल्लू में कृषि, बागवानी, पशुपालन तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती की संभावनाओं को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने और अधिक से अधिक महिलाओं को कृषि एवं स्वरोजगार से जोड़ने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने किसानों, महिलाओं और बेरोजगार युवाओं को प्रशिक्षण, कौशल विकास एवं उद्यमिता के अवसर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। स्थानीय एवं प्राकृतिक उत्पादों को देश-विदेश के बाजार तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का प्रभावी इस्तेमाल करने पर भी जोर दिया।
सांसद ने प्राकृतिक और जैविक उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध करवाने की दिशा में ठोस योजना तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
एनएच परियोजनाओं में देरी पर जताई नाराजगी
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सांसद ने कहा कि पर्याप्त बजट उपलब्ध होने के बावजूद विकास परियोजनाओं में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। इस दौरान एनएच-305 सैंज-लुहरी-ओट मार्ग से जुड़े विभिन्न मुद्दों की भी समीक्षा की गई।
उन्होंने संबंधित विभागों को परियोजनाओं में आ रही बाधाओं को दूर कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
कंगना रणौत ने जिले में बढ़ते नशे के प्रचलन पर चिंता जताते हुए पुलिस विभाग को नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाना जरूरी है।
उन्होंने सभी विभागों को नियमित जागरूकता शिविर आयोजित कर आम लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने तथा आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
बैठक में आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष ठाकुर दास, पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और दिशा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।











