सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 09 सितंबर
क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में एआरटीओ आकांशा शर्मा की अध्यक्षता में कुल्लू, मनाली और भुंतर की ऑटो रिक्शा यूनियनों की एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में यात्रियों की सुविधा और सुचारू यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सर्वसम्मति से निर्धारित किराया ही वसूलने का निर्णय लिया गया।
बैठक में कुल्लू, मनाली और भुंतर ऑटो यूनियनों के प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी रेट लिस्ट आरटीओ कार्यालय में जमा करवाई। सभी ऑटो चालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे यात्रियों से केवल तय किया गया किराया ही ले। कोई भी ऑटो चालक किसी भी सवारी को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने से इनकार नहीं कर सकेगा। चालकों को वैध परमिट, इंश्योरेंस, फिटनेस सर्टिफिकेट और ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही वाहन चलाने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट (MVA) 1988 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यूनियन प्रतिनिधियों ने इन सभी नियमों को लागू करने पर अपनी पूर्ण सहमति व्यक्त की है। बैठक में मनाली ऑटो यूनियन के प्रधान मोती राम सोनी, महासचिव खेखराम, कुल्लू यूनियन के महासचिव संजय कपूर व किशन चंद, भुंतर यूनियन के उपाध्यक्ष देवी सिंह तथा भूषण सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे।










